उदयपुर के MPUAT स्थित डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में संविधान दिवस और राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया गया। भारत के दूध उत्पादन, राजस्थान की हिस्सेदारी और डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान पर चर्चा हुई।
उदयपुर। संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों का संदेश तथा देश की श्वेत क्रांति की उपलब्धियों का गौरव… महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के डेयरी और खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (CDFT) में गुरुवार को राष्ट्रीय संविधान दिवस और राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों को जीवन में अपनाने के साथ भारतीय डेयरी उद्योग में नवाचार और अनुसंधान के जरिए योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सिद्धार्थ मिश्रा ने सीडीएफटी परिवार और विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि संविधान हमारा सर्वोच्च ग्रंथ है, जो अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों को उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
डॉ. अरुण गोयल ने भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी प्रमुख विशेषताओं और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. निकिता वधावन ने विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. कमलेश मीणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान से लेकर दूध उत्पादन में भारत की उपलब्धि तक हुई चर्चा
कार्यक्रम में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के महत्व और भारतीय डेयरी उद्योग की विकास यात्रा पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस श्वेत क्रांति के जनक और प्रसिद्ध दुग्ध वैज्ञानिक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष मनाया जाता है।
मुख्य अतिथि डॉ. सिद्धार्थ मिश्रा ने भारतीय डेयरी उद्योग के विकास में डॉ. वर्गीज कुरियन के अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण और गुणवत्ता संवर्धन में आधुनिक तकनीकों तथा अनुसंधान की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के माध्यम से देश के दुग्ध उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि भारत विश्व में दुग्ध उत्पादन के मामले में प्रथम स्थान पर है। वर्ष 2024-25 में देश में कुल 247.87 मिलियन टन दूध का उत्पादन हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.58 प्रतिशत अधिक है। देश में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दूध की उपलब्धता बढ़कर 485 ग्राम हो गई है। राजस्थान 14.82 प्रतिशत योगदान के साथ देश का दूसरा सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक राज्य है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 में देश का कुल दुग्ध उत्पादन 146.31 मिलियन टन था, जो एक दशक में लगभग 69.41 प्रतिशत बढ़ा है। दुग्ध दिवस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को भारतीय डेयरी उद्योग के गौरवशाली इतिहास, वैज्ञानिक विकास और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. अरुण कुमार, डॉ. निकिता वधावन, डॉ. कमलेश मीणा और इंजीनियर कुसुम मेघवाल सहित अतिथि संकाय सदस्य, महाविद्यालय के समस्त अशैक्षणिक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
