राजस्थान हाईकोर्ट ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती-2025 के 992 पदों का अंतिम परिणाम जारी करने पर लगी रोक हटा दी। याचिकाकर्ताओं का परिणाम सीलबंद लिफाफे में रहेगा।
जयपुर। राजस्थान में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए हाईकोर्ट से बड़ी खबर आई है। कॉलेज शिक्षा विभाग की 992 पदों वाली भर्ती-2025 पर लंबे समय से लटका परिणाम का पेंच अब खुलता नजर आ रहा है। राजस्थान हाईकोर्ट ने अंतिम परिणाम जारी करने पर पहले लगाई गई अंतरिम रोक हटा दी है। यानी भर्ती प्रक्रिया अब आगे बढ़ सकेगी और नियुक्तियों का रास्ता भी खुल गया है। लेकिन इस फैसले में एक ऐसा पेंच भी है, जो याचिकाकर्ताओं के लिए अभी राहत और इंतजार दोनों बनाए रखेगा।
जस्टिस अनूप कुमार ढंड की एकलपीठ ने गुरुवार को संजय आसिया की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन उनके परिणाम सीलबंद लिफाफे में रखे जाएंगे। इस तरह भर्ती का रास्ता तो खुल गया, मगर याचिकाकर्ताओं के परिणाम पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। पूरी भर्ती प्रक्रिया याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
गलत उत्तर कुंजी के आरोप से अटक गया था भर्ती का परिणाम
इस भर्ती में विवाद परीक्षा के कुछ सवालों और उनकी मॉडल उत्तर कुंजी को लेकर खड़ा हुआ था। याचिकाकर्ताओं ने अंग्रेजी विषय के साथ सामान्य ज्ञान के प्रश्नपत्र में शामिल कुछ सवालों के उत्तरों पर आपत्ति जताई थी। उनका तर्क था कि राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की मॉडल उत्तर कुंजी में कुछ उत्तर मान्य पुस्तकों और प्रामाणिक स्रोतों से मेल नहीं खाते।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि उन्होंने आयोग के समक्ष आपत्तियां भी दर्ज कराई थीं, लेकिन उनका उचित निस्तारण किए बिना भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही थी। उन्होंने यह भी दलील दी कि सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र सभी विषयों के अभ्यर्थियों के लिए समान था। ऐसे में यदि उत्तर गलत निर्धारित हुए हैं तो उनका असर किसी एक विषय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी भर्ती के परिणाम पर पड़ सकता है। इन्हीं आधारों पर याचिकाकर्ताओं ने अंतिम उत्तर कुंजी जारी करने, आपत्तियों का निस्तारण करने और परिणाम व नियुक्तियों पर रोक लगाने की मांग की थी।
9 सितंबर को लगी थी रोक, अब हट गई
इन याचिकाओं पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने 9 सितंबर को भर्ती का अंतिम परिणाम जारी करने पर अंतरिम रोक लगा दी थी। हालांकि, राजस्थान लोक सेवा आयोग को भर्ती की अन्य प्रक्रिया जारी रखने की अनुमति दी गई थी। अंतिम परिणाम पर रोक के चलते 992 पदों की भर्ती का आखिरी चरण अटक गया था।
गुरुवार को सुनवाई के दौरान आयोग की ओर से जवाब पेश किया गया। आरपीएससी के अधिवक्ता मिर्जा फैसल बेग ने दलील दी कि रोक के कारण कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं। आयोग की ओर से याचिका में उठाए गए बिंदुओं पर विस्तृत जवाब भी पेश किए जाने की जानकारी दी गई।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अंतिम परिणाम जारी करने पर लगी रोक हटा दी। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता रामप्रताप सैनी ने पैरवी की, जबकि आरपीएससी की ओर से अधिवक्ता मिर्जा फैसल बेग ने पक्ष रखा।
अब आगे क्या होगा?
हाईकोर्ट के आदेश के बाद 992 पदों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। परिणाम जारी करने और नियुक्तियों की दिशा में आयोग आगे की कार्रवाई कर सकेगा। हालांकि, याचिकाकर्ताओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करते हुए उनका परिणाम सीलबंद लिफाफे में रखा जाएगा। उनकी पात्रता और परिणाम से जुड़ा अंतिम फैसला याचिका के अंतिम निर्णय के बाद ही तय होगा।
इस आदेश से भर्ती के सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परिणाम और नियुक्तियों का इंतजार खत्म होने की उम्मीद जगी है, लेकिन विवादित प्रश्नों को लेकर अदालत में कानूनी लड़ाई अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
