भरतपुर के नेताजी सुभाष राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चाइल्ड हेल्पलाइन ने संविधान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। बच्चों को मौलिक अधिकारों और बाल विवाह रोकथाम की जानकारी देकर शपथ दिलाई गई।
भरतपुर। संविधान दिवस पर स्कूली बच्चों को सिर्फ उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प भी दिलाया गया। गुरुवार को बाल अधिकारिता विभाग भरतपुर द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने पुष्प वाटिका कॉलोनी स्थित नेताजी सुभाष राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संविधान प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा तथा सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है।
बाल विवाह सिर्फ कुरीति नहीं, बच्चों के भविष्य के लिए भी खतरा
जागरूकता कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। टीम के प्रतिनिधियों ने इसके कानूनी और शारीरिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह गंभीर कानूनी अपराध होने के साथ बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में बड़ी बाधा है।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि वे स्वयं बाल विवाह जैसी कुरीति से दूर रहें और अपने परिवार या आसपास कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर चुप न रहें। ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा प्रशासन को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया।
संविधान की रक्षा और बाल विवाह रोकने की ली शपथ
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को संविधान के प्रति निष्ठावान रहने और बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प दोहराया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
