भरतपुर के एमएसजे कॉलेज में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। भगवान बिरसा मुंडा और कालीबाई भील के योगदान को याद किया गया तथा प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित किया।
भरतपुर। इतिहास के पन्नों में कई ऐसे जननायक दर्ज हैं, जिन्होंने देश की आजादी, समाज सुधार और शिक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, लेकिन समय के साथ उनके योगदान को अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी। ऐसे ही जनजातीय नायकों को याद करने के लिए महारानी श्री जया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में उनके संघर्ष के साथ आदिवासी वीरांगना कालीबाई भील के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को भी प्रमुखता से याद किया गया।
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान नोडल प्रभारी प्रो. डॉ. राम किशोर उपाध्याय, प्रो. डॉ. मंजुलता शर्मा, सह नोडल प्रभारी प्रो. डॉ. अशोक कुमार गुप्ता और एनएसएस प्रभारी डॉ. मनोज मीणा अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नोडल प्रभारी डॉ. राम किशोर उपाध्याय ने मंचस्थ अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया।
बिरसा मुंडा के संघर्ष के साथ कालीबाई भील के योगदान पर भी हुई चर्चा
नोडल प्रभारी डॉ. राम किशोर उपाध्याय ने भगवान बिरसा मुंडा को उच्च कोटि का स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए कहा कि उन्हें प्रेम और सम्मान से ‘धरती के आबा’ अर्थात धरती के पिता के रूप में जाना जाता है।
मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और आदिवासी नायक थे। उनके योगदान को याद करना आज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इतिहास में अनेक ऐसे वीर योद्धा हुए हैं, जिन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी या समय के साथ भुला दिया गया। उन्होंने आदिवासी महिला स्वतंत्रता सेनानी कालीबाई भील के योगदान की विशेष सराहना की। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद करते हुए बताया कि वर्तमान में उनके नाम से कालीबाई भील स्कूटी योजना संचालित है। उन्होंने आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के साथ गहरे जुड़ाव को भी रेखांकित किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रो. डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि जनजातीय पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंचस्थ अतिथियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले प्रतिभागियों में नीतेश कुमार, नितिन सिंह, सानिया, लकी अग्रवाल, रूबी, साहिल, दीपक, शालिनी शर्मा और कुनाल भारती शामिल रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई फोटो प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों ने स्वच्छता का संदेश दिया। फोटो प्रदर्शनी की अतिथियों, संकाय सदस्यों और अन्य उपस्थित लोगों ने सराहना की।
जनजातीय समाज का जल, जंगल और जमीन से जुड़ाव बताया अहम
इस अवसर पर प्रो. डॉ. राजेश्वरी मीणा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और योगदान पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज धरती के पहले हकदार हैं। उनका जीवन जल, जंगल और जमीन से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के योगदान को जनजातीय समाज के इतिहास और पहचान के साथ जोड़कर देखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. सुन्दर सिंह, डॉ. अंजना शर्मा, डॉ. सुनयना सिंह, डॉ. दीपिका सिंह, डॉ. मनोज मीणा, डॉ. हंसराज गुर्जर, डॉ. अनिल नागर, डॉ. लकी चौधरी और डॉ. दीपक शर्मा सहित संकाय सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा एनएसएस एवं स्काउट स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद एवं आभार एनएसएस प्रभारी डॉ. मनोज मीणा ने व्यक्त किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
