बारां के कवाई-अटरू हाईवे पर कार और बलकर की भीषण भिड़ंत में डॉक्टर दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। परिवार बारां से जयपुर लौट रहा था।
बारां। बारां जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। कवाई-अटरू हाईवे पर कार और बलकर की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में डॉक्टर दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और दंपती समेत चारों उसमें फंस गए।
हादसा कवाई थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास हुआ। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कवाई थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल अटरू चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
ढाबे पर थूक – थूक कर रोटियां बना रहा था महताब; वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दबोचा
जन्मदिन समारोह में आए थे, सुबह जयपुर के लिए निकले
जानकारी के अनुसार मूल रूप से सूरजगढ़, झुंझुनूं के रहने वाले और वर्तमान में जयपुर में रह रहे डॉ. सुरेश गजराज 19 सितंबर को पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य और दोनों बच्चों के साथ बारां आए थे। परिवार अपने साले के बच्चे के जन्मदिन समारोह में शामिल हुआ था। मंगलवार सुबह परिवार कार से जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान कवाई-अटरू हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास उनकी कार की बलकर से भिड़ंत हो गई। हादसे में डॉ. सुरेश गजराज, डॉ. शालिनी मौर्य और उनके दोनों बच्चे स्वपनिल और निलिशा की जान चली गई।
चार साल से एक साथ चिकित्सा सेवा में थे
डॉ. सुरेश और डॉ. शालिनी पिछले करीब चार साल से भीलवाड़ा जिले के मांडल उप चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे थे। डॉ. सुरेश अस्पताल प्रभारी बताए गए हैं। एक साथ डॉक्टर दंपती और उनके दोनों बच्चों की मौत की खबर जैसे ही मांडल पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों और परिचितों के बीच हादसे को लेकर गहरा दुख है।
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे की तस्वीर बयां कर रही थी कि टक्कर कितनी जबरदस्त रही होगी। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसमें सवार दंपती अंदर फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
