अलवर की कठूमर पंचायत समिति में ₹2.52 लाख का बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में ACB ने सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को ₹35 हजार लेते गिरफ्तार किया।
अलवर। ₹35 हजार की रिश्वत की रकम लेकर बैठे पंचायत समिति कठूमर के दो इंजीनियरों को मंगलवार को ACB ने एक साथ दबोच लिया। सहायक अभियंता शिवराम ₹25 हजार और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान ₹10 हजार लेते हुए ट्रैप में फंस गए। मामला एक फर्म के ₹2.52 लाख के लंबित बिल को पास कराने के बदले रिश्वत मांगने से जुड़ा है। बिल पास कराने के नाम पर अलग-अलग रकम मांगे जाने की शिकायत एसीबी तक पहुंची और मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई में सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
ढाबे पर थूक – थूक कर रोटियां बना रहा था महताब; वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दबोचा
मामला ग्राम पंचायत ईटोला में कराए गए मरम्मत कार्य के भुगतान से जुड़ा है। एसीबी के मुताबिक मैसर्स पोसवाल कम्पनी ने एफएसएसी योजना के तहत टेंडर के जरिए राजीव गांधी सेवा केंद्र में मरम्मत का काम कराया था। काम के बाद फर्म का ₹2 लाख 52 हजार का बिल पंचायत समिति कठूमर में भुगतान के लिए लंबित था। भुगतान के लिए संपर्क करने पर सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान की ओर से कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी चौकी भिवाड़ी ने 18 सितंबर 2026 को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन में दोनों के खिलाफ रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की तैयारी की गई।
पहले ₹40 हजार की मांग, फिर ₹35 हजार पर सौदा
एसीबी के अनुसार सहायक अभियंता शिवराम ने बिल पास कराने के लिए ₹40 हजार की रिश्वत मांगी थी। परिवादी ने रकम कम करने को कहा तो कथित तौर पर सौदा ₹35 हजार में तय हुआ। सत्यापन के दौरान शिवराम ने ₹10 हजार तत्काल और बाकी ₹25 हजार बाद में लेने पर सहमति जताई थी। इसी आधार पर एसीबी ने मंगलवार को कार्रवाई की और शिवराम को ₹25 हजार लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
JE की भी अलग डिमांड
इसी मामले में कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान पर भी रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी के मुताबिक मिन्ना खान ने परिवादी से ₹15 हजार की रिश्वत मांगी थी। सत्यापन के दौरान ₹5 हजार पहले और ₹10 हजार बाद में लेने पर सहमति बनी। ट्रैप के दौरान एसीबी ने मिन्ना खान को ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इस तरह दोनों अधिकारियों से ट्रैप के दौरान कुल ₹35 हजार की रिश्वत राशि बरामद कर कार्रवाई की गई।
भिवाड़ी ACB चौकी की टीम ने किया ट्रैप
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस एसीबी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई। एसीबी चौकी भिवाड़ी के प्रभारी एवं ट्रैप अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ा। एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा। जांच में रिश्वत की मांग, लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जाएगा। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
