छत्तीसगढ़ के दुर्ग में CBI ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रेलवे के सीनियर अधिकारी को गिरफ्तार किया। घर और ऑफिस की तलाशी में 77 लाख रुपये कैश और 14 लाख की ज्वेलरी मिली।
दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत के मामले ने रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (SECR) में तैनात सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (DME) अनमोल उके को कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उनके साथ कथित दलाल को भी गिरफ्तार किया गया है।
CBI के मुताबिक मामला लंबित बिल पास कराने के बदले रिश्वत मांगने से जुड़ा है। आरोप है कि रेलवे अधिकारी ने शिकायतकर्ता से उसके पेंडिंग बिलों को पास कराने के लिए पहले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा 1 लाख रुपये में तय हुआ।
50 हजार की पहली किस्त लेते पकड़ा
CBI ने बताया कि 13 अगस्त को अधिकारी को उस समय पकड़ा गया, जब वह कथित दलाल के जरिए रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये ले रहा था। कार्रवाई के बाद एजेंसी ने मामले में अधिकारी और उसके कथित सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।
CBI के अनुसार अनमोल उके इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स (IRSME) के अधिकारी हैं और भिलाई में SECR के सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर तैनात हैं।
घर और ऑफिस की तलाशी में मिला कैश-ज्वेलरी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने रायपुर और भिलाई में अधिकारी के घर और ऑफिस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एजेंसी को करीब 77 लाख रुपये नकद और करीब 14 लाख रुपये की ज्वेलरी बरामद हुई। CBI अब बरामद नकदी और ज्वेलरी के स्रोत समेत रिश्वत के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
कोर्ट ने दोनों को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
CBI ने अधिकारी और कथित दलाल को अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। एजेंसी का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
