राजस्थान में मेडिकल ऑफिसर के 600 पदों पर भर्ती के लिए RUHS ने विज्ञप्ति जारी की है। आवेदन 14 सितंबर से 13 अक्टूबर तक होंगे। 177 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
जयपुर। राजस्थान में मेडिकल ऑफिसर (MO) बनने का इंतजार कर रहे MBBS अभ्यर्थियों के लिए भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (RUHS) ने 600 मेडिकल ऑफिसर पदों की भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थी 13 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती में महिलाओं के लिए करीब 30 फीसदी पद आरक्षित किए गए हैं। कुल 600 पदों में 177 पद महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। इनमें सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 64, EWS के लिए 18, OBC के लिए 37, SC के लिए 28, ST के लिए 21 और MBC के लिए 9 पद शामिल हैं।
किस वर्ग के कितने पद?
भर्ती में कुल 216 पद सामान्य वर्ग के लिए रखे गए हैं। इन पदों पर सभी पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के इन 216 पदों में 64 पद सामान्य, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
इसके अलावा EWS के 60, OBC के 126, SC के 96, ST के 72 और MBC के 30 पद निर्धारित किए गए हैं।
MBBS के साथ RMC रजिस्ट्रेशन भी जरूरी
इस भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए राजस्थान मेडिकल कौंसिल (RMC) में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थी के पास MBBS डिग्री पूरी होने के साथ राजस्थान मेडिकल कौंसिल में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए।
नियम के मुताबिक भर्ती परीक्षा की तारीख तक या उससे पहले RMC में रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा। यानी केवल MBBS डिग्री होना पर्याप्त नहीं होगा, पात्रता के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर RMC रजिस्ट्रेशन भी पूरा करना होगा।
14 सितंबर से खुलेगा आवेदन का लिंक
मेडिकल ऑफिसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 सितंबर 2026 से शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर 2026 तय की गई है। ऐसे में मेडिकल ऑफिसर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आवेदन शुरू होने से पहले अपनी पात्रता और RMC रजिस्ट्रेशन की स्थिति जांच लेना जरूरी होगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
