भरतपुर के रुदावल में हनुमान मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण की मांग उठी है। पंचायत समिति सदस्य तरुण बंसल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सड़क चौड़ीकरण, गेट और डिवाइडर निर्माण की स्वीकृति मांगी।
रुदावल (भरतपुर) कस्बा रुदावल में प्रसिद्ध हनुमान मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क के चौड़ीकरण की मांग उठी है। पंचायत समिति रूपवास के सदस्य तरुण बंसल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर रूपवास-बयाना मार्ग से हनुमान मंदिर तक सड़क का चौड़ीकरण कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में तरुण बंसल ने बताया कि रूपवास-बयाना मार्ग से हनुमान मंदिर तक जाने वाली सड़क करीब आठ मीटर की है और काफी पुरानी है। इस मार्ग पर रुदावल का तहसील कार्यालय, समाज कल्याण विभाग का छात्रावास, 33 केवी जीएसएस, पुलिस थाना भवन की जमीन, मत्स्य विभाग की जमीन के अलावा राजकीय कन्या महाविद्यालय का भवन भी बना हुआ है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ इन सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है।
पत्र में कहा गया है कि हनुमान मंदिर का महत्व देखते हुए यहां राजस्थान के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न कस्बों, शहरों और गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेष रूप से मंगलवार और शनिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
तरुण बंसल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मंदिर के धार्मिक महत्व और लगातार बढ़ रहे आवागमन को देखते हुए रूपवास-बयाना मार्ग से हनुमान मंदिर तक सड़क को चौड़ा कराया जाए। साथ ही सड़क के सौंदर्यीकरण के लिए गेट निर्माण और सड़क पर डिवाइडर लगाने के कार्य की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
