दौसा में 30 जुलाई को राजस्थान वित्त निगम (RFC) का मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर आयोजित होगा। युवाओं और उद्यमियों को ₹5 करोड़ तक ऋण, ब्याज सब्सिडी और विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
दौसा। उद्योग शुरू करने का सपना देख रहे युवाओं और कारोबार का विस्तार करने की योजना बना रहे उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान वित्त निगम (RFC) 30 जुलाई, गुरुवार को दौसा में मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर आयोजित करने जा रहा है। शिविर में विभिन्न ऋण योजनाओं, ब्याज अनुदान और सरकारी सुविधाओं की जानकारी देने के साथ पात्र आवेदकों का मार्गदर्शन भी किया जाएगा।
होटल आशीर्वाद, रीको औद्योगिक क्षेत्र, सोमनाथ नगर में सुबह 11 बजे शुरू होने वाले इस शिविर की अध्यक्षता डॉ. हरसहाय मीना (IAS), कार्यकारी निदेशक, राजस्थान वित्त निगम करेंगे।
युवाओं को मिलेगा ₹5 करोड़ तक ऋण का अवसर
राजस्थान वित्त निगम की युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत 45 वर्ष तक के पात्र युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि, भवन और मशीनरी हेतु अधिकतम ₹5 करोड़ तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि ₹2 करोड़ तक के ऋण पर प्रभावी ब्याज दर केवल 5.5 प्रतिशत रहेगी। इसके अलावा आवेदन और प्रोसेसिंग फीस भी पूरी तरह माफ रखी गई है।
विश्वकर्मा योजना में ब्याज पर मिलेगी सब्सिडी
शिविर में विश्वकर्मा युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना की भी जानकारी दी जाएगी। इस योजना के तहत 18 से 45 वर्ष तक के युवा ₹2 करोड़ तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इसमें ₹1 करोड़ तक के ऋण पर 8 प्रतिशत तथा ₹2 करोड़ तक के ऋण पर 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान (सब्सिडी) का लाभ मिलेगा।
चल रहे उद्योगों के विस्तार के लिए भी सहायता
पहले से संचालित उद्योगों के लिए सरल स्कीम ऋण योजना भी शिविर का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके तहत पिछले छह माह से संचालित उद्योगों को विस्तार और कार्यशील पूंजी के लिए संपत्ति के मूल्यांकन के आधार पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इन योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
शाखा प्रबंधक सुरेश चंद ने बताया कि शिविर में जनरल प्रोजेक्ट ऋण, गुड बोरोअर्स स्कीम, होटल एवं हॉस्पिटल ऋण, टॉप-अप स्कीम और गोल्ड कार्ड जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा रीको (RIICO) और जिला उद्योग एवं वाणिज्यिक केंद्र, दौसा के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न सरकारी औद्योगिक योजनाओं और सुविधाओं पर उद्यमियों का मार्गदर्शन करेंगे।
शिविर में स्थानीय औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिससे उद्यमियों को नेटवर्किंग और उद्योग से जुड़े व्यावहारिक सुझाव भी मिल सकेंगे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
जयपुर की सड़क पर मौत का तांडव | बीच रास्ते युवक का मर्डर, 42 मिनट में चारों हत्यारे गिरफ्तार
