आगरा में PNB मैनेजर दंपती ने 2.20 करोड़ रुपये के प्लॉट सौदे में धोखाधड़ी का आरोप लगाया। रजिस्ट्री नहीं होने, अतिरिक्त 1 करोड़ की मांग और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
आगरा। घर बनाने का सपना लेकर करोड़ों रुपये का प्लॉट खरीदने पहुंचे पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के प्रबंधक दंपती खुद कथित ठगी के शिकार हो गए। आरोप है कि प्लॉट का सौदा तय होने के बाद विक्रेता पक्ष ने करीब 2.20 करोड़ रुपये ले लिए, लेकिन रजिस्ट्री के दिन तहसील ही नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं, रकम लौटाने के बजाय कथित तौर पर एक करोड़ रुपये अतिरिक्त की मांग कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज, धमकी और हथियार दिखाने के भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच के बाद थाना जगदीशपुरा में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करोड़ों का सौदा, लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई
ओल्ड ईदगाह कॉलोनी निवासी शिंकी हांडा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनके पति दोनों पंजाब नेशनल बैंक में प्रबंधक हैं। उन्होंने सेक्टर-1 निवासी प्रहलाद कुमार प्रजापति और भीकम सिंह से 305 वर्गमीटर का प्लॉट 2.20 करोड़ रुपये में खरीदने का समझौता किया था।
शिकायत के अनुसार, सौदे के तहत पहले 10 लाख रुपये नकद और चेक के माध्यम से दिए गए। प्लॉट एक फाइनेंस कंपनी के पास बंधक होने के कारण उसे मुक्त कराने के लिए 29 मई को फाइनेंस कंपनी के नाम 99-99 लाख रुपये के दो डिमांड ड्राफ्ट जारी कराए गए। इसके अलावा 8 लाख रुपये अलग से दिए गए और 14.40 लाख रुपये स्टांप शुल्क के रूप में जमा कराए गए।
तहसील में नहीं पहुंचे विक्रेता, फिर बदले तेवर
पीड़ित पक्ष का कहना है कि 10 जुलाई को तहसील में रजिस्ट्री तय थी, लेकिन विक्रेता पक्ष वहां नहीं पहुंचा। कई बार संपर्क करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो दंपती उनके घर पहुंचे।
आरोप है कि वहां बातचीत करने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के बेटे ने तमंचा दिखाकर डराने की कोशिश की और सौदा पूरा करने के लिए एक करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की मांग की।
जांच के बाद दर्ज हुई एफआईआर
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद थाना जगदीशपुरा में मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
बार-बार डॉक्यूमेंट्स देने का झंझट खत्म, क्या आपके पास है यह 14 अंकों का ‘जादुई’ नंबर?
