जयपुर के क्लब में बर्थडे पार्टी के दौरान दोस्त की चाकू मारकर हत्या। मामले में भरतपुर ओपन जेल के दो सजायाफ्ता कैदियों का नाम सामने आने से जेल सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो गए।
जयपुर: जयपुर में एक बर्थडे पार्टी उस वक्त खून-खराबे में बदल गई, जब मामूली विवाद के बाद दोस्तों ने ही अपने साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात ने सिर्फ जयपुर ही नहीं, बल्कि भरतपुर की खुली जेल व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्या के आरोपियों में दो ऐसे सजायाफ्ता कैदी शामिल हैं, जो भरतपुर ओपन जेल से जयपुर पहुंचे थे और देर रात क्लब में पार्टी कर रहे थे।
भोमियाजी के दर्शन से लौट रही SUV पर काल का कहर, 5 दोस्तों की मौत, एक ही गांव में पसरा मातम
पुलिस के अनुसार धौलपुर के बखेड़ी निवासी 25 वर्षीय अन्नू गुर्जर अपने ममेरे भाई कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए मानसरोवर स्थित आतिश मार्केट के इक्का क्लब पहुंचा था। रविवार आधी रात के बाद करीब 2:30 बजे पार्टी के दौरान ग्रुप में मौजूद एक युवती को अन्नू द्वारा थप्पड़ मारने की बात सामने आई। इसी के बाद माहौल बिगड़ गया और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि अनुज गुर्जर, कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर, राजेश गुर्जर और उनके साथियों ने अन्नू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी घायल अन्नू को खुद जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मानसरोवर थाना पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर, कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं आकाश उर्फ क्षेत्रपाल, हनी गुर्जर, गजेंद्र गुर्जर समेत अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जांच में सामने आया है कि कुलदीप उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर भरतपुर ओपन जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। कुलदीप पर पहले से दो चर्चित हत्याकांडों में सजा चल रही है। इनमें गोल्डी मर्डर केस और जयपुर जेल में पाकिस्तानी नागरिक हकरुल्ला की हत्या का मामला शामिल है। वहीं अनुज गुर्जर भरतपुर के चर्चित डॉक्टर दंपती हत्याकांड का आरोपी है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। बताया जा रहा है कि जिस इक्का क्लब में पार्टी चल रही थी, उसमें अनुज की साझेदारी भी है।
पुलिस अब यह भी जांच रही है कि हत्या की वजह केवल युवती को थप्पड़ मारने का विवाद था या फिर इसके पीछे पहले से चली आ रही कोई रंजिश भी थी। शुरुआती जांच में मृतक अन्नू गुर्जर का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। वह जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा सवाल भरतपुर ओपन जेल की व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। खुली जेल के नियमों के अनुसार कैदियों को निर्धारित समय पर जेल में मौजूद रहना होता है, लेकिन दो सजायाफ्ता कैदियों का देर रात जयपुर के क्लब में पार्टी करना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
जयपुर पुलिस ने इस संबंध में भरतपुर जेल प्रशासन से पूरी जानकारी मांगी है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, पार्टी में मौजूद लोगों के बयान और आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी जयपुर तक कैसे पहुंचे और इस पूरी लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
