भरतपुर में व्यापारियों पर लूट और गोलीबारी की घटनाओं के बाद जिला व्यापार महासंघ ने एसपी राजेश मीणा से मुलाकात कर जल्द खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
भरतपुर। भरतपुर में व्यापारियों को निशाना बनाकर लगातार हो रही लूटपाट और गोलीबारी की घटनाओं ने कारोबारी वर्ग में गहरी चिंता पैदा कर दी है। एक ही दिन में दो व्यापारियों पर हुए जानलेवा हमलों के बाद भरतपुर जिला व्यापार महासंघ खुलकर सामने आया है। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा से मुलाकात कर दोनों मामलों में शीघ्र खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
दोस्त की चिता से लौटी… कमरे में फंदे से लटकी मिली लाश | 24 घंटे में दो घरों में बिछ गई मातम की चादर
जिला व्यापार महासंघ के जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि 4 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर दो व्यापारियों के साथ लूटपाट और गोलीबारी की वारदात हुई। एक किराना व्यापारी और एक बर्तन व्यापारी को बदमाशों ने निशाना बनाया। दोनों घटनाओं में व्यापारियों को गोली लगी, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे व्यापारी के शरीर में गोली अब भी फंसी हुई है।
घायल व्यापारियों से अस्पताल पहुंचकर मिले पदाधिकारी
महासंघ के पदाधिकारी सबसे पहले घायल किराना व्यापारी प्रमोद से आरबीएम अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि प्रमोद के शरीर में फंसी गोली अभी तक नहीं निकाली जा सकी है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल बर्तन व्यापारी को भी रात में ही जयपुर भेज दिया गया।
इसके बाद व्यापार महासंघ का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला और पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई। पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में व्यापार महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र गोयल, जिला महामंत्री विपुल शर्मा, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज, मंत्री बंटू भाई, मनीष मेहरा, गौरव सिंघल, सह महामंत्री अंशुम सिंघल, परचून किराना संघ के अध्यक्ष विनोद डीगिया, सचिव अनिल गर्ग, संतोष खंडेलवाल और सूरज पंसारी शामिल रहे।
विपुल शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने एसपी राजेश मीणा, एडिशनल एसपी और सीओ सिटी से दोनों मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। अधिकारियों से मांग की गई कि जल्द से जल्द वारदातों का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा लौट सके।
‘एक ही दिन में दो गोलीकांड चिंता का विषय’
व्यापार महासंघ का कहना है कि एक ही दिन में कुछ ही समय के अंतराल पर अलग-अलग स्थानों पर व्यापारियों को गोली मारे जाने की घटनाएं बेहद गंभीर हैं। महासंघ ने यह भी कहा कि उसी दिन एक मोबाइल व्यापारी की दुकान से मोबाइल लेकर भागने की घटना भी सामने आई, जो शहर में बढ़ते अपराधों की ओर इशारा करती है।
महासंघ का आरोप है कि दिन में दुकानों से सामान चोरी या लूटकर भागने और रात में दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने पूरे व्यापारी वर्ग को भयभीत कर दिया है। संगठन ने कहा कि यदि अपराधियों पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया तो व्यापारी वर्ग मजबूर होकर आंदोलनात्मक कदम उठाएगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
अब डीजल भी बदलने वाला है! | सरकार की नई तैयारी, आपकी गाड़ी के टैंक में मिलेगा 15% नया बायोफ्यूल
