भरतपुर के अंतरराष्ट्रीय कोच मनीष भान सिंह को पंजाब में होने वाली नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेट लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए जूरी मेंबर नियुक्त किया गया है। जानें पूरी खबर।
भरतपुर। खेल जगत में भरतपुर के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में होने जा रही नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेट लिफ्टिंग चैंपियनशिप (पुरुष/महिला) के लिए भरतपुर के अंतरराष्ट्रीय कोच और कैटेगरी-1 रेफरी मनीष भान सिंह को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। लवली यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स सौरभ लखनपाल ने उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए ‘जूरी मेंबर’ (निर्णायक मंडल का सदस्य) नियुक्त किया है।
जिला वेट लिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष संजीव चीनिया ने इस नियुक्ति की जानकारी देते हुए बताया कि यह चैंपियनशिप 24 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक पंजाब में आयोजित होगी। इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान मनीष भान सिंह जूरी मेंबर के रूप में अपना अहम दायित्व निभाएंगे।
पहले भी कई बड़े मंचों पर दिखा चुके हैं दम
मनीष भान सिंह खेल प्रशासन और तकनीकी क्षेत्र में एक जाना-माना नाम हैं। वे राजस्थान वेट लिफ्टिंग संघ के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई बड़ी प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी (रेफरी) की भूमिका सफलतापूर्वक निभाई है। उनकी इस नई उपलब्धि की खबर मिलते ही जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई है, और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
