अलवर में जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के घर तीन नकाबपोश बदमाश घुस गए। परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर लूटपाट की, बेटे पर बल्ले से हमला किया और महिला को दुष्कर्म की धमकी दी। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
अलवर। अलवर में शनिवार तड़के हुई एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर में घुसकर पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। करीब डेढ़ घंटे तक घर के अंदर आतंक का ऐसा मंजर रहा कि परिवार का विरोध करना भी भारी पड़ गया। बदमाशों ने 13 वर्षीय बेटे के सिर पर बल्ले से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और महिला को दुष्कर्म की धमकी देकर दहशत में रखा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे तीन नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ असिस्टेंट कमिश्नर के घर में घुस आए। उस समय घर में ओमप्रकाश, उनकी पत्नी उर्मिला, 13 वर्षीय बेटा प्रिंस और 8 वर्षीय बेटी नव्या मौजूद थे। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर पूरे परिवार को अपने कब्जे में ले लिया और घर के हर हिस्से की तलाशी शुरू कर दी।
जब परिवार ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने बेरहमी दिखाते हुए प्रिंस के सिर पर बल्ले से वार कर दिया। घायल बच्चा खून से लथपथ हो गया। बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट भी की और महिला को दुष्कर्म की धमकी देकर डराते रहे, ताकि कोई प्रतिरोध न हो सके।
इस भयावह घटनाक्रम के बीच एक राहत की बात यह रही कि घर में सो रही आठ वर्षीय नव्या की नींद नहीं खुली। वह पूरी वारदात से अनजान रही और सुरक्षित बच गई।
इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला। अलमारी में रखे करीब 20 तोला सोने-चांदी के जेवर और 30 से 40 हजार रुपये की नकदी समेट ली। जाते-जाते उन्होंने उर्मिला के कानों से कुंडल और पैरों में पहनी चांदी की पायल भी जबरन उतरवा ली।
वारदात सुबह करीब छह बजे से सवा सात बजे के बीच चली। इसी दौरान बच्चों को लेने स्कूल बस घर के बाहर पहुंच गई। लेकिन बदमाशों का दुस्साहस देखिए—उनमें से एक बाहर निकला और बस चालक से कह दिया कि आज बच्चे स्कूल नहीं जाएंगे। चालक बिना किसी शक के बस लेकर वहां से चला गया और घर के भीतर चल रही वारदात का किसी को अंदाजा तक नहीं हुआ।
बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ित परिवार ने किसी तरह खुद को बंधनों से मुक्त किया और पड़ोसियों के साथ पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश रात के समय पड़ोस में स्थित एक खाली मकान के रास्ते छत पर पहुंचे थे। सुबह मुख्य गेट खुलते ही वे घर में घुस गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, नाकाबंदी करवाई गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
