नींद में था सफर, अगले ही पल मौत से सामना | मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर में 8 फीट घुसी वॉल्वो, 4 की मौत, 27 घायल

मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वॉल्वो बस ट्रेलर में 8 फीट तक घुस गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हुई, 27 यात्री घायल हुए। शुरुआती जांच में कंडक्टर के बस चलाने और ओवरस्पीड की बात सामने आई।

मथुरा। मंगलवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे का वक्त… ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि अगले कुछ सेकंड में उनकी बस मौत के मलबे में बदल जाएगी। मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही एक तेज रफ्तार वॉल्वो बस अचानक सामने चल रहे ट्रेलर से ऐसी भिड़ी कि उसका अगला हिस्सा करीब 8 फीट तक ट्रेलर के भीतर समा गया। देखते ही देखते बस के अंदर चीखें गूंजने लगीं, सीटों के बीच लोग फंस गए और एक युवक का शव खिड़की से बाहर लटक गया।

यह दर्दनाक हादसा मथुरा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर राया थाना क्षेत्र में हुआ। लखनऊ से दिल्ली जा रही गोला बस सर्विस की वॉल्वो बस में करीब 65 यात्री सवार थे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए दौड़े। खिड़कियां और गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया, जबकि कई लोगों को निकालने के लिए बस को गैस कटर से काटना पड़ा। करीब दो घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।

पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह 3:35 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद 8 पीआरबी और 12 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए एक्सप्रेसवे पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।

मौके पर पहुंचे एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार हादसे में बस चालक उपदेश यादव, परिचालक (कंडक्टर), क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बस में सवार 34 यात्री सुरक्षित रहे, जिन्हें दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

जांच में बड़ा खुलासा: ड्राइवर नहीं, कंडक्टर चला रहा था बस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय नियमित ड्राइवर नहीं, बल्कि बस का कंडक्टर ही स्टीयरिंग संभाले हुए था। बस तेज रफ्तार में थी, जबकि गिट्टी से भरा ट्रेलर अपनी लेन में चल रहा था। अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और वह पीछे से सीधे ट्रेलर में घुस गई। पुलिस का मानना है कि ओवरस्पीड और लापरवाही इस हादसे की सबसे बड़ी वजह है।

घायलों का इलाज जारी, कुछ की हालत गंभीर

हादसे में घायल हुए 27 यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक अधिकांश घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन दो से तीन लोगों की जांघ की हड्डी टूटने जैसी गंभीर चोटें आई हैं। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है, जबकि दिल्ली के रहने वाले यात्रियों को भी आगे भेजने की व्यवस्था की गई।

यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भारी कीमत याद दिला गया। कुछ ही सेकंड की चूक ने चार जिंदगियां छीन लीं और दर्जनों परिवारों को दहशत और दर्द से भर दिया

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

अब छोटे क्लीनिक भी होंगे ‘स्मार्ट’ | ₹299 महीने में मिलेगा डिजिटल हॉस्पिटल सिस्टम, पर्ची से बिलिंग तक सब कुछ ऑनलाइन

मोबाइल पर बैंक, लेकिन भरोसा अब भी कागज पर | सिर्फ इंक और पेपर पर बैंकों ने उड़ा दिए 4 हजार करोड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *