महाराष्ट्र TET परीक्षा का पेपर परीक्षा से 24 घंटे पहले लीक होने के बाद परीक्षा स्थगित कर दी गई। 18 हजार AI CCTV कैमरे, बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन जैसी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पेपर लीक होने से गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मुंबई। नकल रोकने के लिए तकनीक का ऐसा किला खड़ा किया गया था कि दावा था—इस बार कोई सेंध नहीं लगा पाएगा। 18 हजार AI आधारित CCTV कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस रिकग्निशन, मेटल डिटेक्टर और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह रोक… लेकिन इन तमाम इंतजामों के बावजूद महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र परीक्षा से करीब 24 घंटे पहले ही लीक हो गया।
पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने रविवार को होने वाली परीक्षा तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी। अब परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, पेपर लीक की सूचना मिलते ही ठाणे के भिवंडी क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मिले प्रश्नपत्रों का एग्जामिनेशन काउंसिल के अधिकारियों से मिलान कराया गया, जिसके बाद लीक की पुष्टि हुई। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, हालांकि पुलिस ने अभी उनकी संख्या सार्वजनिक नहीं की है।
इस परीक्षा में 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने वाले थे। महाराष्ट्र में सरकारी शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के साथ-साथ कार्यरत सरकारी शिक्षकों के लिए भी TET अनिवार्य परीक्षा मानी जाती है।
सुरक्षा का पूरा सिस्टम, फिर भी नहीं बच पाया पेपर
राज्यभर में परीक्षा के लिए 1,729 केंद्र बनाए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर AI आधारित CCTV कैमरों से निगरानी की व्यवस्था थी, जिसकी मॉनिटरिंग राज्य और जिला स्तर के कंट्रोल रूम से की जानी थी। अभ्यर्थियों की पहचान के लिए बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन सिस्टम लगाया गया था। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच और मोबाइल, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध भी लागू था। आधार, पैन, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे वैध पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाना था।
इतने व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बावजूद प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले बाहर आ जाना अब सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
