उदयपुर के महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की 68वीं प्रबंध मंडल बैठक में छात्रों की फीस नहीं बढ़ाने, ICAR के दो नए रिसर्च सेंटर, भर्ती प्रक्रिया और SRF-RA मानदेय सहित कई अहम फैसलों पर मुहर लगी।
उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT) की 68वीं प्रबंध मंडल बैठक में शिक्षा, अनुसंधान और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लगी। कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में छात्रों को राहत देते हुए फीस में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला बरकरार रखा गया, वहीं अनुसंधान गतिविधियों को मजबूती देने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) से स्वीकृत दो नए शोध केंद्रों का भी अनुमोदन किया गया।
चारा और सोयाबीन पर होंगे नए राष्ट्रीय स्तर के शोध
बैठक में ICAR द्वारा विश्वविद्यालय को चारा (Fodder) और सोयाबीन पर अनुसंधान के लिए स्वीकृत दो अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजनाओं (AICRP) के स्वैच्छिक केंद्रों को औपचारिक मंजूरी दी गई। इससे कृषि अनुसंधान और किसानों के लिए नई तकनीकों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
छात्रों को राहत, फीस बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं
प्रबंध मंडल ने 15 जून को आयोजित शैक्षणिक परिषद की बैठक के निर्णयों का अनुमोदन किया। इनमें सबसे अहम फैसला छात्रों की फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं करने का रहा। साथ ही विश्वविद्यालय में मानव संसाधन एवं विकास निदेशालय की स्थापना के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में शैक्षणिक और अशैक्षणिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। इसके अलावा 32वीं और 33वीं वित्त समिति की अनुशंसाओं को मंजूरी देते हुए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू करने का निर्णय लिया गया।
SRF और RA को मिलेगा ICAR के अनुरूप मानदेय
विश्वविद्यालय की स्वपोषित परियोजनाओं में कार्यरत सीनियर रिसर्च फेलो (SRF) और रिसर्च एसोसिएट (RA) का मानदेय अब भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के मानकों के अनुरूप दिया जाएगा। इससे शोध कार्यों से जुड़े कार्मिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर. देवासी, इंजीनियर सुहास मनोहर, डॉ. कविता जोशी, डॉ. आर.एल. सोनी, दर्शना गुप्ता, वित्त नियंत्रक निशा व्यास सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। वहीं डॉ. सुरेन्द्र कोठारी, डॉ. लोकेश गुप्ता और कृषि विभाग के उप सचिव नरेन्द्र सिंह वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
