भरतपुर जिला व्यापार महासंघ ने वृंदावन में आयोजित राष्ट्रीय व्यापारी सभा में सड़क चौड़ीकरण और भूमि अधिग्रहण का मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन की मांग की।
भरतपुर
भरतपुर के व्यापारियों ने अब अपनी लड़ाई को स्थानीय दायरे से निकालकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा दिया है। भरतपुर जिला व्यापार महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता के नेतृत्व में वृंदावन में आयोजित उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय सभा में शामिल हुआ, जहां देशभर के व्यापारियों के बीच भरतपुर के सड़क चौड़ीकरण और भूमि अधिग्रहण का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल में जिला कार्यकारी अध्यक्ष नरेन्द्र गोयल, जिला महामंत्री विपुल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज, सह महामंत्री अंजुम सिंघल, संघर्ष समिति संयोजक विष्णु जैन, मंत्री बंटी व्यास, नरेन्द्र सिंघल, प्रकाश और अनिल निर्भय सिंघल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय सभा में देश के सभी 28 प्रांतों से व्यापारी प्रतिनिधि पहुंचे थे। बैठक में व्यापारियों को जटिल कानूनों से हो रही परेशानियों, ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव से फुटकर कारोबार पर पड़ रहे असर और व्यापारिक माहौल में बढ़ती चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने व्यापार हितों की रक्षा के लिए साझा रणनीति और संगठित संघर्ष की जरूरत पर जोर दिया।
सभा के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई जब भरतपुर जिला व्यापार महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने मंच से भरतपुर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और भूमि अधिग्रहण के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिना उचित मुआवजे के व्यापारियों की जमीन और प्रतिष्ठानों को प्रभावित करना व्यापारिक हितों के खिलाफ है और व्यापारी समाज इसे चुपचाप स्वीकार नहीं करेगा।
संजीव गुप्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों से कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो भरतपुर के व्यापारियों के समर्थन में राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन और सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज की समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब देशभर के व्यापारी एक मंच पर संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करें।
सभा में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष, कई राज्यसभा सांसद, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक और देशभर के व्यापारी नेताओं की मौजूदगी ने इस बैठक को और महत्वपूर्ण बना दिया। वृंदावन की इस सभा में भरतपुर के व्यापारियों की आवाज जिस मजबूती से उठी, उसने साफ संकेत दे दिया कि अब व्यापारी अपने अधिकारों के मुद्दे पर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
शुभेंदु अधिकारी के इस कदम से भड़क गया बांग्लादेश
आखिर खत्म हुआ इंतजार | RPSC ने जारी की SI भर्ती 2021 री-एग्जाम डेट, नए अभ्यर्थियों की एंट्री बंद
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
