पश्चिम बंगाल में भाजपा राज, शुभेंदु अधिकारी को ताज | 9 मई को लेंगे CM पद की शपथ

पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनने जा रही है। शुभेंदु अधिकारी 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। अमित शाह ने विधायक दल की बैठक में उनके नाम का ऐलान किया।

कोलकाता 

पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने दशकों पुराना सियासी समीकरण पलट दिया। कोलकाता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में आखिरकार शुभेंदु अधिकारी के नाम पर अंतिम मुहर लग गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद उनके नाम का ऐलान किया। बैठक में मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे और सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को अपना नेता चुन लिया।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद RPSC का बड़ा कदम, SI भर्ती परीक्षा रद्द की | इन अभ्यर्थियों को फिर देनी होगी परीक्षा

अब शुभेंदु अधिकारी 9 मई सुबह 11 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि बंगाल की राजनीति में एक बड़े युग परिवर्तन के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

9 मई का दिन बंगाल के लिए सांस्कृतिक रूप से भी बेहद खास माना जाता है। इसी दिन रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई जाती है और उसी मौके पर नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी के साथ दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं, जिससे बंगाल भाजपा के भीतर नए राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने की तैयारी है।

इस पूरे घटनाक्रम से पहले आरएन रवि ने 7 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग करने की अधिसूचना जारी की थी। यह कदम भाजपा की प्रचंड जीत के बाद उठाया गया।

शुभेंदु अधिकारी ने लगातार दूसरी बार ममता बनर्जी को चुनावी मैदान में हराकर अपनी ताकत साबित की। 2021 में उन्होंने नंदीग्राम में ममता को हराया था, जबकि 2026 विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से जीत दर्ज कर बंगाल भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।