जयपुर के एसएमएस अस्पताल (SMS Hospital Jaipur) में मरीजों की भारी भीड़ और दवा काउंटरों पर लंबी कतारों के बीच अब शाम तक ओपीडी चलाने का फैसला लिया गया है।
जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल में मरीजों की बेकाबू भीड़ ने आखिरकार स्वास्थ्य विभाग को बड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया। हालात ऐसे दिखे कि ओपीडी से लेकर दवा काउंटर तक हर जगह मरीजों और परिजनों की लंबी कतारें नजर आईं। बढ़ते दबाव और गर्मी के मौसम में फैल रही बीमारियों के बीच अब अस्पताल में शाम के समय भी ओपीडी शुरू करने का फैसला किया गया है।
गुरुवार को जब स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ अचानक अस्पताल पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर हाथ-पांव फूल गए। जनरल मेडिसिन विभाग के बाहर भारी भीड़, दवा काउंटरों पर धक्का-मुक्की जैसे हालात और मरीजों की परेशानी सामने आने के बाद तुरंत इवनिंग ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए गए।
नई व्यवस्था के तहत अब मरीज शाम 5 बजे से 7 बजे तक भी डॉक्टरों से इलाज और परामर्श ले सकेंगे। अस्पताल प्रशासन को उम्मीद है कि इससे दिनभर की ओपीडी पर पड़ रहा भारी दबाव कम होगा।
निरीक्षण के दौरान सबसे ज्यादा अव्यवस्था दवा वितरण केंद्रों पर दिखाई दी। काउंटर नंबर 10 और 11 के बाहर मरीजों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कई लोगों ने शिकायत की कि मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत मिलने वाली जरूरी दवाइयां समय पर नहीं मिल रही हैं और मजबूरी में बाहर से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
भोर के अंधेरे में ACB का धावा | 960 करोड़ के जल जीवन मिशन घोटाले में पूर्व मंत्री महेश जोशी गिरफ्तार
मामला सामने आने के बाद प्रमुख शासन सचिव ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों के साथ बैठक कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। जानकारी में यह भी सामने आया कि कुछ जरूरी दवाओं की सप्लाई समय पर नहीं पहुंचने से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि इवनिंग ओपीडी पहले भी चलाई जा चुकी है और इसे दोबारा शुरू करने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। इससे इलाज के इंतजार का समय घटेगा और भीड़ का दबाव भी टूटेगा।
निरीक्षण के दौरान ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर पर अतिरिक्त स्टाफ लगाने, पेयजल व्यवस्था सुधारने, पंखे-कूलर बढ़ाने और जनरल वार्डों में बेहतर कूलिंग सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए गए। अस्पताल प्रशासन अब गर्मी के सीजन में बढ़ते मरीजों के दबाव से निपटने के लिए पूरी तैयारी में जुट गया है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
