भरतपुर संभाग में डीग (Deeg) जिले के जुरहरा (Jurhara) में 40 महीने पहले ज्वैलरी शॉप में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। अंतरराज्यीय बावरी गैंग के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 किलो चांदी बरामद की गई।
जुरहरा (डीग)
करीब 40 महीने पहले डीग जिले के जुरहरा कस्बे में सर्राफा बाजार की एक ज्वैलरी शॉप में हुई लाखों की चोरी के मामले में आखिरकार पुलिस को बड़ी सफलता मिल गई। पुलिस ने अंतरराज्यीय बावरी गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 किलो चांदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में से दो को पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने गुरुवार को बताया कि 27 दिसंबर 2022 को सर्राफ महेंद्र जैन की दुकान में सेंध लगाकर बदमाश 90-95 किलो चांदी और करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद लंबे समय तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था।
मामले के खुलासे के लिए जांच की जिम्मेदारी प्रशिक्षु आरपीएस नरेश कुमार चनेजा को सौंपी गई। उन्होंने अपनी टीम के साथ करीब 5 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर संदिग्ध ठिकानों पर जांच पड़ताल की। पुलिस ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अध्ययन करते हुए चोरों की कार्यप्रणाली, कद-काठी, चलने के तरीके और चोरी के तौर-तरीकों का गहन विश्लेषण किया।
जांच में सामने आया कि वारदात को पेशेवर अंतरराज्यीय बावरी गैंग ने अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने गैंग के संभावित ठिकानों और फरारी काटने वाले स्थानों को चिन्हित कर उनकी रैकी की और आखिरकार तीन आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्य सिंह उर्फ भारत पुत्र वीरेन्द्र बावरी निवासी धनुपुरा, बदायूं (उत्तर प्रदेश), दीपक उर्फ दीपू पुत्र मदन बावरी तथा यादराम बावरी पुत्र रामलाल बावरी निवासी बनारसीदास मोहल्ला, औरैया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि इस चोरी की वारदात में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनसे चोरी किया गया बाकी माल बरामद किया जाएगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
