हिमाचल (Himachal Pradesh) में पेंशनरों के मेडिकल बिल जल्द क्लियर होंगे। सीएम सुक्खू ने आश्वासन दिया कि सभी लंबित चिकित्सा दावे एक माह में निपटाए जाएंगे। OPS बहाली के बाद सरकार की यह बड़ी राहत।
शिमला
हिमाचल के पेंशनरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने साफ-साफ घोषणा कर दी—पेंशनरों के सभी लंबित मेडिकल बिल अगले एक महीने में पूरी तरह क्लियर कर दिए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त फ्रंट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान सीएम ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा—“कर्मचारी सरकार की रीढ़ हैं, उनकी समस्याएं सुलझाना हमारा दायित्व है। सेवानिवृत्ति के बाद उनका जीवन बिना बाधा के चल सके इसलिए ही सत्ता में आते ही OPS बहाल किया। इससे 1 लाख 36 हजार कर्मचारी लाभान्वित हुए।”
क्यों रुकी थीं देनदारियाँ?
मुख्यमंत्री सुक्खू ने इसका कारण पूर्व भाजपा सरकार के ‘वित्तीय कुप्रबंधन’ को बताया। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में खजाने की हालत बिगड़ी, जिसका सीधा असर कर्मचारियों-पेंशनरों के देनदारियों के भुगतान पर पड़ा। उन्होंने आश्वस्त किया कि वर्तमान सरकार वित्तीय अनुशासन और संसाधन जुटाने की दोहरी रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है और सभी बकाया देनदारियाँ चरणबद्ध तरीके से निपटाई जाएँगी।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त फ्रंट के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और अपनी अन्य मांगों से भी अवगत कराया।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
