एमपीयूएटी उदयपुर में 10 दिवसीय प्री वायु सैनिक कैंप, ड्रोन प्रशिक्षण एवं CATC का समापन हुआ। कैडेट्स को ड्रोन, एयर ऑपरेशन, फायरिंग और नेतृत्व का प्रशिक्षण दिया गया।
उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) के सीटीएई परिसर में दस दिनों तक चले प्री वायु सैनिक कैंप-1, ड्रोन प्रशिक्षण शिविर और संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का शनिवार को समापन हो गया। एमपीयूएटी और 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कैडेट्स ने आधुनिक सैन्य तकनीकों से लेकर नेतृत्व क्षमता तक का व्यावहारिक प्रशिक्षण हासिल किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और राष्ट्रीय आपात स्थितियों में एनसीसी कैडेट हमेशा देश की महत्वपूर्ण सहायक शक्ति साबित होते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए हर परिस्थिति में सेवा के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
कुलगुरु ने प्री वायु सैनिक कैंप और ड्रोन प्रशिक्षण जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों का ज्ञान युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करता है।
शिविर के दौरान कैडेट्स को रेंज फायरिंग, स्कीट शूटिंग, ड्रिल, मार्चिंग, टेंट पिचिंग, मैप रीडिंग, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व कौशल, आपदा प्रबंधन, एयरो मॉडलिंग, विमान संचालन और ड्रोन तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स ने तकनीकी दक्षता के साथ टीमवर्क और नेतृत्व के गुण भी विकसित किए।
समापन समारोह में 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर नटराज डागुर ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए एमपीयूएटी प्रशासन, विश्वविद्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों, एनसीसी स्टाफ, केयर टेकर ऑफिसर्स (CTO), एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (ANO) तथा एयर, आर्मी और नेवी विंग के सभी कैडेट्स का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, एनसीसी स्टाफ, सीटीओ, एएनओ और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
SBI में 1500 प्रोबेशनरी ऑफिसर पदों पर भर्ती: 8 जुलाई तक करें आवेदन, 21.97 लाख तक मिलेगा सालाना पैकेज
अब खुद समझदार बनेगा आपका AC | जयपुर में शुरू हुआ ऐसा सिस्टम, जो बिना बंद किए घटाएगा बिजली का बिल
