भरतपुर की नई मंडी में सीमेंट दुकान की जर्जर छत अचानक गिर गई। हादसे में खाना खा रहे तीन मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए, दो की हालत गंभीर है।
भरतपुर: नई मंडी के पास सोमवार दोपहर एक सीमेंट दुकान की जर्जर छत अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। उस वक्त दुकान के अंदर तीन मजदूर खाना खा रहे थे। भारी पट्टियां गिरते ही तीनों मलबे के नीचे दब गए। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला।
हादसे में रामस्वरूप निवासी जघीना, उनके बेटे नेत्रपाल और ओमप्रकाश निवासी हैलक घायल हुए हैं। तीनों को उपचार के लिए जिला आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक नेत्रपाल और ओमप्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है।
बाहर निकलते ही गिरी छत, अंदर दब गया बेटा
घायल रामस्वरूप ने बताया कि तीनों सीमेंट की दुकान पर मजदूरी करते हैं। दोपहर में वे दुकान के अंदर बैठकर खाना खा रहे थे। रामस्वरूप खाना खाकर बाहर की तरफ निकले ही थे कि अचानक तेज आवाज के साथ छत की भारी पट्टियां नीचे आ गिरीं। अंदर उनका बेटा नेत्रपाल और दूसरा मजदूर ओमप्रकाश खाना खा रहे थे। दोनों देखते ही देखते मलबे के नीचे दब गए। बेटे को मलबे में दबा देखकर रामस्वरूप उसे बाहर निकालने के लिए दौड़े और पत्थर की पट्टियां हटाने की कोशिश में खुद भी घायल हो गए।
लोगों ने मिलकर हटाया मलबा
छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाया और उसके नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एम्बुलेंस से आरबीएम अस्पताल भिजवाया।
दुकान मालिक ने बताया- पीछे खाली जगह में आराम करते थे मजदूर
दुकान मालिक विशन गुप्ता के अनुसार, दुकान के पीछे खाली जगह थी, जहां मजदूर बैठते और आराम करते थे। सोमवार दोपहर मजदूर दुकान के अंदर खाना खा रहे थे, तभी जर्जर हो चुकी छत की भारी पट्टियां अचानक नीचे आ गईं।
नगर निगम की टीम ने लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम की तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जर्जर ढांचे को लेकर स्थिति का जायजा लिया। इधर, कोतवाली थाना पुलिस ने मलबा हटाने का काम पूरा करवाया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हादसा छत की जर्जर हालत के कारण हुआ या निर्माण में किसी तरह की लापरवाही भी सामने आती है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
