जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित निर्माणाधीन अरावली पैलेस रिसॉर्ट में दीवार और मिट्टी ढहने से दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक घायल हो गए। हादसे के बाद ठेकेदार फरार है और पुलिस जांच में जुटी है।
जयपुर। सोमवार दोपहर जयपुर-दिल्ली हाईवे पर निर्माणाधीन एक रिसॉर्ट में सब कुछ सामान्य चल रहा था। मजदूर सीवरेज लाइन को दुरुस्त करने में जुटे थे, तभी कुछ ही सेकंड में पूरा मंजर बदल गया। देखते ही देखते मिट्टी और दीवार का विशाल हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा और वहां काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार से पूरा परिसर गूंज उठा। हादसे में दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक मजदूर घायल हो गए।
यह हादसा चंदवाजी थाना क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित द पैलेस अरावली रिसॉर्ट में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। मौके पर करीब 24 मजदूर सीवरेज के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर की ओर से मिट्टी और निर्माणाधीन दीवार का हिस्सा अचानक ढह गया और कई मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और भारी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत निम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मृत महिला के शव को मलबे से निकालकर पोटली में ले जाना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक चारों ओर सिर्फ धूल, चीखें और अफरा-तफरी का माहौल था।
मोबाइल पर बैंक, लेकिन भरोसा अब भी कागज पर | सिर्फ इंक और पेपर पर बैंकों ने उड़ा दिए 4 हजार करोड़
हादसे में जान गंवाने वालों में बिहार के गया निवासी राम भी शामिल हैं। उनकी बहन ममता ने बताया कि उनका भाई सीमेंट के ब्लॉक लेकर जा रहा था, तभी दीवार ढह गई और वह मलबे में दब गया। ममता खुद भी उसी गड्ढे में काम कर रही थीं, लेकिन पानी पीने के लिए कुछ क्षण पहले ऊपर आ जाने से उनकी जान बच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रिसॉर्ट परिसर में करीब 100 फीट लंबा, 30 फीट चौड़ा और 20 फीट गहरा सीवरेज का गड्ढा खोदा गया था। एक तरफ निर्माण कार्य चल रहा था, जबकि दूसरी ओर मिट्टी भराई की जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक खिसक गया और नीचे काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए गए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
