भजनलाल के गृह जिले में भाजपा का सूपड़ा साफ, जिला परिषद में कांग्रेस का 21-9 से क्लीन स्वीप, पंचायत समितियों में निर्दलीयों का कब्जा

भरतपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 31 में से 21 सीटें जीतीं। भाजपा 9 पर सिमटी। सात पंचायत समितियों में निर्दलीय 75 सीटों के साथ सबसे आगे रहे।

भरतपुर। राजस्थान की सियासत में भरतपुर से आए पंचायत चुनाव के नतीजों ने सबको चौंका दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले में भाजपा को ऐसा झटका लगा है कि जिला परिषद में पार्टी महज 9 सीटों पर सिमट गई, जबकि कांग्रेस ने 31 में से 21 सीटें जीतकर एकतरफा दबदबा कायम कर लिया। दूसरी तरफ पंचायत समितियों के चुनाव में किसी भी पार्टी का सिक्का नहीं चला। यहां निर्दलीय उम्मीदवार सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरे और 159 में से 75 वार्डों पर कब्जा जमा लिया।

नतीजों ने जिले की सियासत में कांग्रेस की मजबूत वापसी के संकेत दिए हैं। भाजपा खेमे में मायूसी छाई रही, वहीं कांग्रेस समर्थकों में जीत का जश्न देखने को मिला। सबसे दिलचस्प तस्वीर पंचायत समितियों से सामने आई, जहां मतदाताओं ने राजनीतिक दलों के बजाय निर्दलीय प्रत्याशियों पर ज्यादा भरोसा जताया।

जिला परिषद में कांग्रेस की आंधी, भाजपा 9 पर सिमटी

जिला परिषद के 31 वार्डों के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 सीटें जीत लीं। भाजपा को सिर्फ 9 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि आरएलपी के खाते में एक सीट गई।

कांग्रेस 21 सीट
भाजपा 9 सीट
आरएलपी 1 सीट

इन नतीजों ने जिला परिषद में कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत कर दी है। भाजपा के लिए यह इसलिए भी बड़ा झटका है क्योंकि भरतपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृह जिला है।

अपनी पंचायत समिति में भी करारी हार 

जिला परिषद से इतर पंचायत समितियों के नतीजों ने चुनाव की पूरी तस्वीर बदल दी। जिले की सात पंचायत समितियों के 159 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने सबसे ज्यादा 75 सीटें जीतकर सभी राजनीतिक दलों को पीछे छोड़ दिया। कांग्रेस 48 सीटों के साथ दूसरे और भाजपा 31 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। बसपा को 3 और आरएलपी को 2 सीटें मिलीं।

भाजपा जिले की किसी भी पंचायत समिति में भी बहुमत के आसपास तक नहीं पहुंच पाई. यहां तक कि मुख़्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पंचायत समिति नदबई में भी भाजपा 26 में से सिर्फ 6 वार्ड में ही जीत हासिल कर सकी

नतीजों ने भाजपा के सामने खड़े किए कई सवाल

इन चुनाव परिणामों में सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश यह है कि जिला परिषद में कांग्रेस ने भाजपा को काफी पीछे छोड़ दिया, जबकि पंचायत समितियों में निर्दलीयों ने दोनों प्रमुख दलों की चुनावी ताकत को चुनौती दी।

मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा का यह प्रदर्शन पार्टी के लिए निश्चित रूप से चिंता का विषय है। वहीं कांग्रेस के लिए जिला परिषद की 21 सीटों की जीत राजनीतिक संजीवनी से कम नहीं है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि पंचायत समितियों में निर्दलीय सदस्यों की निर्णायक भूमिका आगे सत्ता के समीकरणों को किस दिशा में ले जाती है।

भरतपुर जिला परिषद के नतीजे 

चार चरणों में हुआ था मतदान, करीब 70 फीसदी वोटिंग

भरतपुर जिले में जिला परिषद के 31 और सात पंचायत समितियों के 159 वार्डों के लिए चार चरणों में मतदान कराया गया था। पहले चरण में 22 अक्टूबर, दूसरे में 28 अक्टूबर, तीसरे में 3 नवंबर और चौथे चरण में 14 नवंबर को वोट डाले गए। चारों चरणों को मिलाकर जिले में करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ।

शुक्रवार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। जैसे-जैसे नतीजे सामने आते गए, जिले में राजनीतिक हलचल तेज होती गई। दिनभर मतगणना केंद्रों और राजनीतिक खेमों में गहमागहमी बनी रही। आखिरकार जिला परिषद में कांग्रेस की बड़ी जीत और पंचायत समितियों में निर्दलीयों के दबदबे के साथ चुनावी तस्वीर साफ हो गई।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

पीएफ खाते में अटकी रकम कैसे निकलेगी? EPFO के इस फैसले ने बदला निकासी का गणित | खाताधारकों को बड़ी राहत

छोटी सजा मिली तो 7 साल तक प्रमोशन से बाहर? राजस्थान हाईकोर्ट ने सरकार की इस व्यवस्था पर दिया बड़ा फैसला

नौकरी बदलते ही कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती? PF और पेंशन के हजारों रुपये फंस सकते हैं, जानिए UAN से जुड़ा पूरा खेल

One thought on “भजनलाल के गृह जिले में भाजपा का सूपड़ा साफ, जिला परिषद में कांग्रेस का 21-9 से क्लीन स्वीप, पंचायत समितियों में निर्दलीयों का कब्जा”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *