जयपुर में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। बाल श्रम, बाल विवाह, शोषण और गुमशुदा बच्चों की मदद के लिए 1098 पर कॉल करने की अपील की गई।
जयपुर। अगर आपके आसपास कोई बच्चा बाल श्रम कर रहा है, बाल विवाह का शिकार होने जा रहा है, भीख मांगने को मजबूर है या किसी तरह के शारीरिक और मानसिक शोषण से गुजर रहा है, तो अब चुप रहने की जरूरत नहीं है। सिर्फ 1098 पर एक कॉल उस बच्चे की जिंदगी बदल सकती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जयपुर में बाल संरक्षण और बाल अधिकारों पर विशेष जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई।
जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता और इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक दिनेश चंद शर्मा ने की।
NEET विवाद: 3 दौर की महावार्ता के बाद जंतर-मंतर खाली, CJP ने वापस लिया आंदोलन, जानें क्या मिला भरोसा
कार्यक्रम में शांति बेलवाल, दीपक थावानी, राजाराम गुर्जर और भुवनेश शर्मा ने बताया कि 1098 एक निःशुल्क आपातकालीन सेवा है, जो संकटग्रस्त बच्चों तक तुरंत सहायता पहुंचाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक, खासकर स्कूलों, कच्ची बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इस हेल्पलाइन की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
वक्ताओं ने बताया कि यदि कहीं बाल श्रम, बाल विवाह, गुमशुदगी, भिक्षावृत्ति, शारीरिक या मानसिक शोषण अथवा किसी अन्य संकट में कोई बच्चा दिखाई दे तो बिना देर किए 1098 पर सूचना देनी चाहिए, ताकि संबंधित एजेंसियां तुरंत कार्रवाई कर सकें।
शिवांग सेवा संस्था फाउंडेशन की संस्थापक सावित्री शर्मा ने कहा कि किसी भी बच्चे तक समय पर मदद पहुंचाने में समाज की जागरूकता सबसे बड़ी भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनें और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन का उपयोग जरूर करें।
जिला समन्वयक दिनेश चंद शर्मा ने विभाग की विभिन्न बाल संरक्षण सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षित बचपन केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।
कार्यक्रम के अंत में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जागरूकता बैनर का विमोचन किया गया। उपस्थित लोगों ने यह संकल्प भी लिया कि वे अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुंचाएंगे कि “मुसीबत में फंसे किसी भी बच्चे की मदद के लिए 1098 पर जरूर कॉल करें।” साथ ही आमजन को बाल अधिकार, शिक्षा और बाल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
बार-बार डॉक्यूमेंट्स देने का झंझट खत्म, क्या आपके पास है यह 14 अंकों का ‘जादुई’ नंबर?
