रेलवे बोर्ड (Railway Board) ने ऑन-बोर्ड स्टाफ को एसी फर्स्ट और सेकेंड क्लास में मिलने वाली बर्थ खत्म कर दी है। अब हर ट्रेन में 4 से 6 अतिरिक्त प्रीमियम सीटें यात्रियों को मिलेंगी, जिससे वेटिंग लिस्ट कम होगी और कन्फर्म टिकट की संभावना बढ़ेगी।
नई दिल्ली
ट्रेन में कन्फर्म टिकट के लिए लंबी वेटिंग से जूझ रहे यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने ऑन-बोर्ड स्टाफ (सफाईकर्मी, एसी मैकेनिक और वेंडिंग स्टाफ) को मिलने वाली बर्थ व्यवस्था में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब एसी फर्स्ट और सेकेंड क्लास में स्टाफ के नाम पर ब्लॉक रहने वाली सीटें आम यात्रियों की बुकिंग के लिए खोल दी गई हैं।
यानी जो सीटें अब तक ‘स्टाफ रिजर्व’ के नाम पर यात्रियों की पहुंच से बाहर रहती थीं, वे अब सीधे पब्लिक के खाते में जाएंगी।
क्या खत्म हुआ, क्या नया लागू हुआ?
- वर्ष 2016 और 2018 के पुराने सभी सर्कुलर रद्द।
- एसी फर्स्ट और सेकेंड क्लास में स्टाफ को अब कोई बर्थ नहीं।
- पूरी एसी ट्रेन में स्टाफ को सिर्फ थर्ड एसी में दो सीटें।
- यदि ट्रेन में स्लीपर कोच है, तो एसी मेंटेनेंस स्टाफ को अनिवार्य रूप से स्लीपर क्लास में शिफ्ट किया जाएगा।
- अब तक लंबी दूरी की ट्रेनों में एसी कोच के गेट के पास या बीच की बर्थ स्टाफ के नाम आरक्षित रहती थी। लेकिन नई व्यवस्था ने इस “प्रीमियम कब्जे” को खत्म कर दिया है।
हर ट्रेन में 4–6 प्रीमियम सीटें अतिरिक्त
इस फैसले से औसतन हर ट्रेन में 4 से 6 प्रीमियम सीटें अतिरिक्त उपलब्ध होंगी। इसका सीधा असर वेटिंग लिस्ट पर पड़ेगा। त्योहारों और पीक सीजन में जहां एक-एक बर्थ के लिए जंग होती है, वहां अब कन्फर्म टिकट की उम्मीद बढ़ेगी।
ओबीएचएस के लिए ‘स्प्रेड मॉडल’
आन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ (ओबीएचएस) को अब एक कोच में इकट्ठा बैठाने के बजाय ट्रेन के चार अलग-अलग कोचों में एक-एक साइड लोअर बर्थ दी जाएगी।
कोचों के बीच न्यूनतम अंतर रखा जाएगा ताकि पूरी ट्रेन में सफाई की निगरानी बेहतर हो सके।
खाली बर्थ पर अब नहीं चलेगा खेल
यदि कोई कर्मचारी ट्रेन में चढ़ता ही नहीं है, तो इसकी सूचना वाणिज्य कंट्रोल को देनी होगी। खाली बर्थ अगले स्टेशन पर वेटिंग लिस्ट वाले यात्री को अलॉट कर दी जाएगी।
भारतीय रेल का यह फैसला साफ संदेश देता है—अब प्रीमियम सीटों पर प्राथमिक हक यात्रियों का होगा, स्टाफ का नहीं। लंबी वेटिंग से परेशान यात्रियों के लिए यह बदलाव सिर्फ नियम नहीं, बल्कि राहत की ठंडी सांस है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
590 करोड़ का बैंक फ्रॉड उजागर | सरकारी खाते से छेड़छाड़, चार अधिकारी सस्पेंड
अनुबंध सेवाकाल भी गिना जाएगा पेंशन में | सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हिमाचल सरकार का बड़ा यू-टर्न
CGHS क्लेम पर बड़ी राहत | मेडिकल रीइम्बर्समेंट लिमिट 5 लाख से बढ़कर अब हो गई इतने लाख
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
