भुसावर में श्री शिवसेवा मंडल के तत्वावधान में सात दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा शुरू हुई। कलश यात्रा में महिला श्रद्धालुओं ने लगाए हर-हर महादेव के जयकारे।
भुसावर (विष्णु कुमार)। डीजे पर गूंजते शिव भजन, हाथों में पूजा की थालियां और सिर पर मंगल कलश लिए रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं…। बीच-बीच में गूंजते ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयकारों ने बुधवार को भुसावर का माहौल पूरी तरह शिवमय कर दिया। मौका था सात दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ का।
श्री शिवसेवा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कथा को लेकर बुधवार को कोठी वाले हनुमान जी मंदिर परिसर से विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर मंगल कलश धारण किए और भजनों पर नृत्य करते हुए कस्बे के विभिन्न मार्गों से यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा वातावरण शिव भक्ति से सराबोर नजर आया।
‘भरतपुर-डीग कांग्रेस का बंटाधार… जिम्मेदार कौन?’ विश्वेन्द्र सिंह ने खोला मोर्चा, डोटासरा तक को घेरा
कलश यात्रा पर पुष्पवर्षा, जगह-जगह हुआ स्वागत
कलश यात्रा जब कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी तो भुसावर सहित उपखंड मुख्यालय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिव भक्तों का जलपान करवाकर स्वागत किया। कई स्थानों पर कलश यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई और आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के समक्ष अपनी हाजिरी लगाते हुए मनोकामनाएं मांगीं। जयकारों और भजनों के बीच निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में शिव भक्त शामिल हुए।
यूको बैंक के पास धर्मशाला में होगी कथा
सात दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 30 सितंबर बुधवार से 7 अक्टूबर तक किया जा रहा है। कथा का आयोजन हिण्डौन सड़क मार्ग पर यूको बैंक के पास स्थित सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में होगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जयपुर से आएंगे कथा व्यास श्री जितेन्द्र जी महाराज
शिवसेवा मंडल के संचालक हिंगवा निवासी, तहसील सिकराय, जिला दौसा, शिष्य शिव बाबा ने बताया कि शिवसेवा भक्त मंडल और जन सहयोग से इस सात दिवसीय कथा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कथा का वाचन जयपुर से पधारे कथा व्यास श्री जितेन्द्र जी महाराज करेंगे। सातों दिन संगीतमय कथा के दौरान भगवान शिव से जुड़े विभिन्न प्रसंगों और धार्मिक विषयों का श्रवण कराया जाएगा।
शिवलिंग महिमा से द्वादश ज्योतिर्लिंग तक होंगे कई प्रसंग
कथा में श्रद्धालुओं को शिवलिंग महिमा, पार्थी पूजन एवं महामृत्युंजय मंत्र का महत्व, विल्व पत्र महात्म्य, शिवप्रसाद, नारद मुनि तपस्या और कुबेर दीपदान का महात्म्य सुनाया जाएगा। इसके साथ ही कथा में सती चरित्र, शिव विवाह, कार्तिक जन्म, श्रीगणेश विवाह एवं जन्मोत्सव, तुलसी महिमा और श्रीनर्मदा महिमा जैसे प्रसंग भी होंगे। सात दिवसीय कथा के दौरान द्वादश ज्योतिर्लिंग का भी श्रवण कराया जाएगा।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करने और भगवान शिव की भक्ति में शामिल होने का आह्वान किया है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
