डीग के कुम्हेर में आधा बीघा जमीन विवाद में नागा साधु अमर दास की हत्या का आरोप। लाठी से पिटाई के बाद ट्रैक्टर चढ़ाया, भतीजा घायल।
कुम्हेर(डीग)। अधईया खुर्द से कुम्हेर का सफर नागा साधु अमर दास (55) के लिए आखिरी साबित हुआ। आधा बीघा जमीन को लेकर बरसों से चल रही रंजिश रविवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गई, जब कथित तौर पर हमलावरों ने साधु के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस दर्दनाक घटना में अमर दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बचाव करने आए उनके भतीजे गौरव की लाठियों से बेरहमी से पिटाई की गई।
रास्ते में घेरा, फिर बरसाई लाठियां
जानकारी के मुताबिक, नागा साधु अमर दास अपने भतीजे गौरव के साथ अधईया खुर्द गांव से कुम्हेर की ओर जा रहे थे। बीच रास्ते में गांव के ही नरेंद्र और उसके परिवार वालों ने दोनों को रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती बयानों के अनुसार, पहले दोनों पर लाठियों से हमला किया गया। इसी अफरातफरी के बीच साधु अमर दास को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
अस्पताल में मौत, मॉर्च्युरी में रखा शव
घटना की भनक लगते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अमर दास को तुरंत कुम्हेर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनका शव अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और घायल भतीजे गौरव का उपचार जारी है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
मामले की सूचना मिलते ही कुम्हेर थाना पुलिस हरकत में आई। भतीजे गौरव के बयान के आधार पर नरेंद्र और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में आरोप लगाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है ताकि पूरी वारदात की कड़ियां जोड़ी जा सकें और फरार आरोपियों को जल्द दबोचा जा सके। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की नजरें इलाके पर बनी हुई हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
