भरतपुर जिला व्यापार महासंघ के 38वें स्थापना दिवस पर 22 दिसंबर को होटल गीतांजलि में व्यापारी कुंभ आयोजित होगा। व्यापारियों की समस्याओं पर होगी चर्चा।
भरतपुर। ऑनलाइन कारोबार का बढ़ता दबदबा, बड़ी कंपनियों की बाजार में मजबूत होती पकड़, लगातार बढ़ते टैक्स और व्यापारियों के सामने सुरक्षा का संकट… इन चुनौतियों ने छोटे-बड़े कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे माहौल में भरतपुर के व्यापारियों को एक मंच पर लाने और उनकी समस्याओं पर सामूहिक आवाज बुलंद करने की तैयारी शुरू हो गई है। भरतपुर जिला व्यापार महासंघ अपने 38वें स्थापना दिवस पर 22 दिसंबर को विशाल व्यापारी कुंभ आयोजित करने जा रहा है।
यह सम्मेलन आगरा-जयपुर हाईवे स्थित होटल गीतांजलि में होगा। महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता के अनुसार, संगठन पिछले 38 वर्षों से व्यापारी हितों के लिए काम कर रहा है और इस सम्मेलन का मकसद व्यापारियों की मौजूदा चुनौतियों पर खुलकर चर्चा करना तथा उनके समाधान के लिए एकजुट प्रयास करना है।
ऑनलाइन कंपनियों से लेकर सुरक्षा तक, कारोबारियों की कई मोर्चों पर लड़ाई
महासंघ का मानना है कि खुदरा और थोक व्यापार इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहा है। किसान और व्यापारी दोनों आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, लेकिन व्यापारियों की समस्याओं पर सरकारों का अपेक्षित ध्यान नहीं है। नए-नए करों और नियमों के साथ व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। दूसरी ओर, बड़ी विदेशी कंपनियों की भारी पूंजी और ऑनलाइन कारोबार का विस्तार छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के सामने बड़ी चुनौती बन रहा है। ब्लिंकिट जैसी कंपनियों की घर-घर सामान पहुंचाने वाली व्यवस्था से गली-मोहल्लों और बाजारों के छोटे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होने की चिंता जताई गई है। व्यापारियों की परेशानी केवल कारोबार तक सीमित नहीं है। लूटपाट, अपहरण, हत्या और धमकियों जैसी घटनाओं के कारण भी व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। महासंघ के अनुसार, बड़ी संख्या में व्यापारी कर्ज के बोझ से भी दबे हुए हैं।
हर तहसील और बाजार तक पहुंचेगा निमंत्रण
जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि व्यापारी कुंभ को सफल बनाने के लिए महासंघ की टीम भरतपुर और डीग जिले की प्रत्येक तहसील, बाजार और व्यापारी प्रतिष्ठान तक पहुंचेगी। व्यापारियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर सम्मेलन में भाग लेने की अपील की जाएगी। उन्होंने व्यापारी बंधुओं से पूर्व की तरह सहयोग करने और अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचने का आग्रह किया।
गणेशजी को पहला निमंत्रण देकर शुरू की तैयारी
व्यापारी कुंभ के आयोजन की औपचारिक शुरुआत अटलबंद स्थित गणेशजी को प्रथम निमंत्रण अर्पित करके की गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला महामंत्री विपुल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज, सहमहामंत्री अंजुम सिंघल, जिला मंत्री यज्ञ दत्त शर्मा, बंटू भाई, गुलराज, गोपाल कटारा, मनीष मेहरा और जगमोहन शर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
