जयपुर के बिंदायका में गर्भवती महिला की हत्या कर शव को गार्डन में दफना दिया गया। मकान मालिक को मिट्टी में दबा हाथ दिखा तो वारदात का खुलासा हुआ।
जयपुर: मकान के बाहर सब कुछ सामान्य था, लेकिन गार्डन की मिट्टी के नीचे एक खौफनाक राज दफन था। बिंदायका की प्रेस्टीज कॉलोनी में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मकान मालिक को गार्डन की खुदी हुई मिट्टी के बीच महिला का हाथ नजर आया। पुलिस ने खुदाई कराई तो करीब छह महीने की गर्भवती महिला का शव बाहर निकला। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान किरन (32), निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो महीने से प्रवेश (22) के साथ इस मकान में रह रही थी। प्रवेश ने मकान किराए पर लेते समय किरन को अपनी पत्नी बताया था। अब पुलिस को शक है कि दो-तीन दिन पहले महिला की हत्या करने के बाद प्रवेश ने शव को गार्डन में गाड़ दिया और मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया।
सुबह बदबू आई तो मकान मालिक ने गार्डन देखा
रविवार सुबह करीब 8 बजे मकान मालिक मकान की देखरेख के लिए वहां पहुंचा। दरवाजे पर ताला लगा था। आसपास पूछताछ करने के बाद उसकी नजर गार्डन की तरफ गई। वहां मिट्टी दूसरे हिस्से की तुलना में खुदी हुई दिखाई दी और बदबू भी आ रही थी। मिट्टी को ध्यान से देखने पर जमीन के अंदर से महिला का हाथ निकला हुआ दिखाई दिया। यह देखकर मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
रात में गड्ढा खोदकर शव दबाने का शक
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू की। इसके बाद गार्डन में खुदाई कराई गई तो मिट्टी के नीचे महिला का शव मिला। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद प्रवेश ने रात के समय गार्डन में गड्ढा खोदकर शव दबाया और फिर मकान को लॉक कर वहां से निकल गया।
फैक्ट्री में काम करता था प्रवेश
पुलिस के मुताबिक, प्रवेश उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और जयपुर में बिंदायका क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करता था। करीब दो महीने पहले उसने मकान किराए पर लिया था। वह किरन के साथ यहां रह रहा था और आसपास के लोगों को भी उसे अपनी पत्नी बताता था। महिला के गर्भवती होने की जानकारी भी पुलिस की जांच में सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच वास्तविक संबंध क्या थे और हत्या के पीछे क्या वजह रही।
आरोपी की तलाश में दबिश
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि मकान मालिक की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। मृतका के परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी प्रवेश वारदात के बाद से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस हत्या के कारण और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
