भरतपुर के रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में नशे के दुष्प्रभाव और बचाव के उपायों पर विशेष व्याख्यान हुआ। अधिकारियों ने छात्राओं को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
भरतपुर। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके दुष्प्रभावों के बीच रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय, भरतपुर में छात्राओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया गया। महाविद्यालय में नशा मुक्ति प्रकोष्ठ की ओर से ‘नशे के दुष्प्रभाव एवं बचाव के उपाय’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता श्रीमती नीरजा कुंतल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नशा मुक्ति, भरतपुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने नशे से बचाव के उपायों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
श्रीमती नीरजा कुंतल ने नशा मुक्ति से संबंधित सहायता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जरूरत पड़ने पर आर.बी.एम. अस्पताल के कमरा नंबर 50 में संपर्क किया जा सकता है।
युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने पर जोर
कार्यक्रम में सतीश चंद्र गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी, भरतपुर ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन में युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने और नशे से होने वाले नुकसान से बचने पर जोर रहा। कार्यक्रम में जयवीर सिंह नरूका ने भी सहभागिता की।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी ऊर्जा नशे जैसी हानिकारक आदतों में लगाने के बजाय शिक्षा, खेल, योग, रचनात्मक गतिविधियों, शोध और सामाजिक सेवा में लगाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि कभी तनाव या कोई कठिन परिस्थिति सामने आए तो उसे छिपाने के बजाय अपने परिवार, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से संवाद करें और आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ की सहायता लें।
नशा मुक्ति प्रकोष्ठ ने भी निभाई भूमिका
कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. मधु शर्मा, अकादमिक प्रभारी डॉ. निशा गोयल तथा नशा मुक्ति प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. जयराम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्राओं को नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें इसके सामाजिक प्रभावों को समझने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री अंशुलता बंसल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में समिति सदस्य विकास कुमार एवं संकाय सदस्य दीवान सिंह, सुश्री करिश्मा सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
