सवाई माधोपुर में ACB ने रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी के RPF आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को चोरी मामले में मुल्जिम नहीं बनाने की एवज में 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
सवाई माधोपुर। रेलवे सामान चोरी के मामले में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने के बदले कथित तौर पर रिश्वत मांगने वाले RPF आरक्षक को आखिरकार ACB के जाल ने पकड़ लिया। पहले 1 लाख रुपये की मांग, फिर सौदेबाजी के बाद 70 हजार रुपये पर बात तय हुई और जैसे ही रिश्वत की रकम हाथ में आई, ACB टीम ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ACB सवाई माधोपुर इकाई ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी में पदस्थापित आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर परिहार ने बताया कि ACB को शिकायत मिली थी कि रेलवे सामान चोरी के एक मामले में परिवादी को मुल्जिम नहीं बनाने के बदले आरोपी आरक्षक उस पर रिश्वत देने का दबाव बना रहा है। शिकायत के बाद ACB ने 25 अगस्त को रिश्वत मांगने की शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि आरोपी आरक्षक ने सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर परिवादी की तारीख पेशी के दौरान चोरी के मामले में आरोपी नहीं बनाने की एवज में रिश्वत की मांग की थी।
पहले 80 हजार, फिर 70 हजार पर तय हुई रकम
ACB के अनुसार आरोपी ने शुरुआत में रिश्वत के लिए बड़ी रकम की मांग की थी। परिवादी के अनुरोध पर पहले 80 हजार रुपये और बाद में लगातार निवेदन करने पर आरोपी 70 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। सोमवार को आरोपी ने परिवादी से संपर्क कर रिश्वत की रकम लेने के लिए उसके घर आने की बात कही। इसकी सूचना मिलते ही ACB टीम ने पूरी तैयारी के साथ जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी मोहम्मद नदीम कुरेशी ने परिवादी से 70 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
यह ट्रैप कार्रवाई ACB भरतपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर परिहार की टीम ने अंजाम दिया। वहीं ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से मानटाउन थाने में पूछताछ की जा रही है। ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच शुरू की जाएगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
