5 लाख नहीं लूट पाए तो मार दी गोली; भरतपुर के बर्तन व्यापारी की मौत के बाद बाजार बंद, व्यापारियों ने सरकार को दिया अल्टीमेटम

भरतपुर में लूट की कोशिश के दौरान गोली लगने से घायल बर्तन व्यापारी की जयपुर में मौत हो गई। घटना के विरोध में बाजार बंद रहे और व्यापारियों ने 3-4 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

भरतपुर। भरतपुर में लूट की नाकाम कोशिश के बाद गोली का शिकार बने बर्तन व्यापारी की जयपुर में इलाज के दौरान मौत ने पूरे शहर को गुस्से से भर दिया है। रविवार रात व्यापारी के दम तोड़ते ही सोमवार को शहर के कारोबारियों ने विरोध का बिगुल फूंक दिया। भरतपुर जिला व्यापार महासंघ की इकाई कसेरा व्यापार संघ के आह्वान पर बर्तन बाजार पूरी तरह बंद रहा, जबकि सैकड़ों व्यापारी पीड़ित परिवार के साथ न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए।

व्यापारियों का कहना है कि यदि तीन से चार दिन के भीतर गोली चलाने वाले दोनों बदमाश गिरफ्तार नहीं किए गए, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। इसके लिए व्यापार महासंघ जल्द बैठक कर अगली रणनीति तय करेगा।

मथुरा से 5 लाख लेकर लौट रहे थे, रास्ते में घेर लिया

घटना सेवर थाना क्षेत्र के गोलपुरा मोड़ की है। स्थानीय बर्तन व्यापारी अपनी परिचित महिला से जमीन खरीदने की डील के लिए मथुरा से 5 लाख रुपये नकद उधार लेकर बाइक से भरतपुर लौट रहे थे। शनिवार रात करीब 10:15 बजे पीछे से बाइक पर आए हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों को शायद अंदाजा नहीं था कि सामने वाला व्यापारी इतनी आसानी से हार मानने वाला नहीं है।

बैग नहीं छोड़ा… तो बदमाशों ने चला दी गोली

व्यापारी ने लुटेरों के सामने घुटने टेकने के बजाय रुपयों से भरे बैग को मजबूती से पकड़ लिया। काफी देर तक छीनाझपटी होती रही, लेकिन जब बदमाश बैग छीनने में नाकाम रहे तो उन्होंने बौखलाकर गोली चला दी।

गोली लगते ही व्यापारी सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। हैरानी की बात यह रही कि बदमाश रुपये लूटे बिना ही मौके से फरार हो गए।

राहगीरों की सूचना पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यापारी को पहले आरबीएम जिला अस्पताल पहुंचाया। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर कर दिया, जहां रविवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद फूटा व्यापारियों का गुस्सा

व्यापारी की मौत की खबर मिलते ही शहर के व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों की इच्छा थी कि अंतिम संस्कार से पहले शव को कलेक्ट्रेट ले जाकर शांतिपूर्ण धरना दिया जाए और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाए।

इस दौरान भरतपुर जिला व्यापार महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष नरेन्द्र गोयल, जिला महामंत्री विपुल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, मृतक के पुत्र और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

‘चार दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन होगा’

महासंघ के जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने कहा कि व्यापारियों का धैर्य जवाब दे रहा है। यदि 3-4 दिनों के भीतर गोलीकांड के आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए, तो व्यापार महासंघ बैठक कर व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगा।

पुलिस का दावा- जल्द होंगे सलाखों के पीछे

उधर, भरतपुर पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई है। सेवर थाना पुलिस और स्पेशल क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उपलब्ध सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का काम तेजी से चल रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

अब डीजल भी बदलने वाला है! | सरकार की नई तैयारी, आपकी गाड़ी के टैंक में मिलेगा 15% नया बायोफ्यूल

लेंस पहनकर सो गए? सुबह उठते ही हो सकती है जिंदगी की सबसे बड़ी गलती | डॉक्टर बोले- 5 मिनट की जल्दबाजी आंखों की रोशनी तक छीन सकती है

आधार वालों के लिए बड़ी राहत | अब घर बैठे मुफ्त में जोड़ें Email ID, छह महीने तक नहीं लगेगा एक भी रुपया, ये होंगे फायदे

क्या हाई BP बदल सकता है आपका स्वभाव? | नई स्टडी का दावा- दिल ही नहीं, दिमाग और पर्सनैलिटी पर भी पड़ सकता है असर

मुसीबत में हैं तो याद रखें सिर्फ 5 अंक… 14490 | महिलाओं के लिए 24 घंटे खुली रहेगी मदद की लाइन, शिकायत से काउंसलिंग तक मिलेगी सहायता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *