हिमाचल प्रदेश सरकार ने 18 IAS और 16 HAS अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। जानिए किस अधिकारी को कौन-सी नई जिम्मेदारी मिली।
शिमला। हिमाचल प्रदेश की नौकरशाही में सरकार ने एक झटके में बड़ा बदलाव कर दिया है। प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से जारी आदेशों में 18 आईएएस (IAS) और 16 एचएएस (HAS) अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियां की गई हैं। कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं, जबकि कई अहम विभागों की कमान नए चेहरों के हाथ में दी गई है।
इस व्यापक फेरबदल में सबसे अहम बदलाव डॉ. अभिषेक जैन को लेकर हुआ है। नई दिल्ली में सलाहकार (नियामक सुधार) के रूप में कार्यरत डॉ. जैन अब वित्तीय आयुक्त (अपील) का दायित्व भी संभालेंगे। दिलचस्प बात यह है कि उनके पास पहले से ही प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी, 20-सूत्रीय कार्यक्रम), प्रधान सचिव (जेएसवी) और प्रधान सचिव (तकनीकी शिक्षा) जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मौजूद है।
तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे सुदेश कुमार मोक्टा को सचिव (सहकारिता) नियुक्त किया गया है। वहीं अमरजीत सिंह अब सचिव (नगर एवं ग्राम नियोजन एवं आवास) के रूप में कार्य करेंगे। उनके पास पहले की तरह सचिव (गृह) का अतिरिक्त कार्यभार भी बना रहेगा।
सरकार ने राजस्व और भूमि अभिलेख से जुड़े विभागों में भी बदलाव किया है। तोरुल एस. रवीश को निदेशक, भूमि अभिलेख बनाया गया है, जबकि अभिषेक वर्मा को मिल्कफेड का निदेशक नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अजय कुमार यादव को मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं महेंद्र पाल गुर्जर को पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड में निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। विनय कुमार, जो वर्तमान में अतिरिक्त उपायुक्त (विकास)-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए), कांगड़ा हैं, उन्हें राज्य पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम, कांगड़ा के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। वे यह जिम्मेदारी शिव मोहन सिंह सैनी से संभालेंगे।
राहुल जैन को राज्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम, सोलन और महिला विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के रजिस्ट्रार और मानव भारती यूनिवर्सिटी, सोलन के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
वहीं दिव्यांशु सिंघल को अतिरिक्त उपायुक्त (विकास)-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए), सोलन बनाया गया है। ओम कांत ठाकुर को हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
HAS की सूची
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। तबादला सूची में शामिल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं। विस्तृत सूची में अन्य कई अधिकारियों के विभाग और पद भी बदले गए हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
अब डीजल भी बदलने वाला है! | सरकार की नई तैयारी, आपकी गाड़ी के टैंक में मिलेगा 15% नया बायोफ्यूल
