जयपुर में 19 वर्षीय बीए छात्रा ने दोस्त की सड़क हादसे में मौत का सदमा सहन न कर पाने पर गेस्ट हाउस के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अंतिम संस्कार से लौटने के कुछ घंटे बाद हुई इस घटना की पुलिस जांच कर रही है।
जयपुर। कभी-कभी एक हादसा सिर्फ एक जिंदगी नहीं छीनता, बल्कि दूसरी जिंदगी को भी भीतर से तोड़ देता है। जयपुर में ऐसा ही एक दर्दनाक मामला सामने आया, जहां सड़क हादसे में दोस्त की मौत का सदमा 19 वर्षीय छात्रा सहन नहीं कर सकी। दोस्त की चिता से लौटने के कुछ घंटे बाद ही उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।
अब डीजल भी बदलने वाला है! | सरकार की नई तैयारी, आपकी गाड़ी के टैंक में मिलेगा 15% नया बायोफ्यूल
घटना जवाहर नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार छात्रा एक गेस्ट हाउस में किराए के कमरे में रहती थी और बीए की पढ़ाई कर रही थी। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे उसकी सहेली उससे मिलने पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। गेस्ट हाउस में डिजिटल लॉक होने और पासवर्ड पता होने के कारण उसने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। छात्रा चुन्नी के फंदे से लटकी हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया गया। मामले की जांच जारी है।
सिर्फ 10 दिन पुरानी दोस्ती
छात्रा की सहेली ने पुलिस को बताया कि दोनों की दोस्ती करीब दस दिन पहले ही हुई थी। छात्रा पहले हॉस्टल में रहती थी और लगभग एक महीने पहले गेस्ट हाउस में शिफ्ट हुई थी।
सहेली के मुताबिक छात्रा की एक युवक से गहरी दोस्ती थी। शुक्रवार को सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई थी। शनिवार को छात्रा उसे साथ लेकर युवक के गांव अंतिम संस्कार में भी गई थी। वहां से लौटने के बाद वह लगातार रो रही थी और किसी भी तरह खुद को संभाल नहीं पा रही थी।
सहेली ने बताया कि उसका ध्यान बंटाने के लिए वह कुछ देर के लिए डॉग लेने बाहर चली गई। लौटकर आई तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। पासवर्ड से लॉक खोलते ही छात्रा फंदे पर लटकी मिली।
एक दिन पहले थार हादसे में गई थी युवक की जान
पुलिस के अनुसार मृत युवक जयपुर ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 20 वर्ष थी। शुक्रवार रात वह अपने दोस्त के साथ थार से जयपुर आ रहा था। हसनपुरा इलाके में तेज रफ्तार के कारण थार डिवाइडर से टकरा गई। एयरबैग खुलने के बावजूद युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
सदर थाना पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया था। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंपा गया था। उसी अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौटी छात्रा ने कुछ घंटों बाद यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
