बैंक की तिजोरी से गायब हुए 96 गोल्ड पैकेट, करोड़ों के गहनों के गबन का खुलासा, हिरासत में लिए तीन बैंक अधिकारी

फिरोजाबाद के भारौल स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से गोल्ड लोन के बदले गिरवी रखे गए 96 गोल्ड पैकेट गायब मिले। बैंक की आंतरिक जांच के बाद तीन अधिकारियों पर गबन और धोखाधड़ी का केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा से करोड़ों रुपये के गोल्ड लोन घोटाले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के बदले गिरवी रखे गए 96 गोल्ड पैकेट बैंक की तिजोरी से गायब मिले हैं। मामले का खुलासा होते ही बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन बैंक अधिकारियों के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंडन संस्कार से लौट रहा था पूरा परिवार, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो… 7 लोगों की दर्दनाक मौत

अधिकारी के गायब होने से खुली गड़बड़ी की परतें

जानकारी के मुताबिक, सिरसागंज क्षेत्र के भारौल गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में तैनात स्टाफ अधिकारी और गोल्ड सेफ की मुख्य चाबी रखने वाले दिलीप कुमार 27 मई 2026 से बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित थे। चूंकि बैंक की गोल्ड तिजोरी दो अलग-अलग चाबियों से खुलती है, इसलिए उनके नहीं आने से गोल्ड से जुड़े सभी काम रुक गए थे।

डुप्लीकेट चाबी से खुली तिजोरी, अंदर का नजारा देख उड़ गए होश

मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक के आगरा आंचलिक कार्यालय ने जांच टीम गठित की। 15 जून को वरिष्ठ अधिकारियों ने शाखा पहुंचकर दूसरी शाखा में सुरक्षित रखी डुप्लीकेट चाबी मंगवाई। पैनल अधिवक्ता और सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी में जैसे ही गोल्ड सेफ खोला गया, जांच टीम स्तब्ध रह गई। ग्राहकों के गिरवी रखे गए 96 गोल्ड पैकेट तिजोरी से गायब थे।

तीन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध

बैंक की प्रारंभिक जांच में तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव, स्टाफ अधिकारी दिलीप कुमार और स्टाफ अधिकारी नरेश कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि तिजोरी की चाबियों में हेरफेर और आपसी मिलीभगत के जरिए इस पूरे गबन को अंजाम दिया गया।

बैंक के आगरा आंचलिक कार्यालय के मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह की शिकायत पर अरांव थाने में तीनों अधिकारियों के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि बैंक की आंतरिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोल्ड पैकेट कब और कैसे गायब किए गए तथा इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। साथ ही गायब सोने की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

गोल्ड लोन के बदले जमा कराए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण गायब होने की खबर फैलते ही ग्राहकों में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और बैंक की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

अब बिना डॉक्टर की पर्ची नहीं मिलेगी कफ सिरप | केंद्र सरकार ने खत्म की बड़ी छूट, छोटे गांवों में भी सख्त नियम लागू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *