हिमाचल प्रदेश के चंबा में मुंडन संस्कार से लौट रही बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन सगे भाई भी शामिल हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई भी शामिल हैं।
अनुशासनहीन अधिकारियों पर सख्त हुई सरकार, 19 विभागीय मामलों में लिए बड़े फैसले
लौटते समय बिगड़ा वाहन का संतुलन
जानकारी के अनुसार हादसा पुखरी-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे हुआ। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने के बाद अपने गांव मेहल लौट रहे थे। इसी दौरान बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
संभलने का मौका नहीं मिला
वाहन के खाई में गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
ग्रामीणों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां क्रैश बैरियर नहीं लगे थे। उनका आरोप है कि यदि सड़क किनारे सुरक्षा बैरियर होते तो वाहन खाई में गिरने से बच सकता था और कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि सभी शवों को खाई से निकाल लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
मृतकों में तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई—
- चुनी लाल (65), पुत्र परस राम, गांव मेहल
- देवी लाल (62), पुत्र परस राम, गांव मेहल
- मोती राम (50), पुत्र परस राम, गांव मेहल
- बबली देवी (45), पत्नी मोती राम
- कुंता देवी (53), पत्नी कर्म सिंह
- अनीता कुमारी (20), पुत्री धर्म सिंह
- मनोहर लाल (34), चालक, गांव टोपड़ा
गांव में पसरा मातम
एक ही गांव के सात लोगों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है, जबकि पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
