उदयपुर में सहकारिता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग एवं हार्टफुलनेस ध्यान सत्र में भाग लेकर तनावमुक्त जीवन, मानसिक शांति और बेहतर स्वास्थ्य का संदेश दिया।
उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले उदयपुर में सहकारिता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या से जोड़ने का संदेश दिया। दो दिनों तक चले विशेष सत्रों में अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक सभी ने योग प्रोटोकॉल और हार्टफुलनेस ध्यान का अभ्यास कर मानसिक शांति, एकाग्रता और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में कदम बढ़ाया।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, उदयपुर खण्ड, प्रतापनगर के अधीन क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी कार्यालय, उप रजिस्ट्रार कार्यालय तथा विशेष लेखा परीक्षक कार्यालय में योग एवं हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त रजिस्ट्रार गुंजन चौबे ने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए योग और ध्यान अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित रूप से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हार्टफुलनेस प्रशिक्षक डॉ. सुबोध शर्मा, आशा शर्मा तथा योग प्रशिक्षक अलका ने ध्यान और योग सत्रों का संचालन किया। सहकारिता विभाग के विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और ध्यान का लाभ उठाया।
इसी क्रम में बुधवार को सहकारी उपभोक्ता थोक भंडार, शास्त्री सर्कल, उदयपुर में भी विशेष योग एवं हार्टफुलनेस ध्यान सत्र आयोजित किया गया। महाप्रबंधक डॉ. प्रमोद कुमार के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास किया।
हार्टफुलनेस समन्वयक एवं योग प्रशिक्षक डॉ. राकेश दशोरा तथा आशा शर्मा ने ध्यान और योग सत्रों का संचालन करते हुए बताया कि हार्टफुलनेस ध्यान की सरल पद्धति मानसिक संतुलन, आंतरिक शांति और फोकस बढ़ाने में सहायक है। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया। अंत में विशेष लेखा परीक्षक कौटिल्य भट्ट ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
योग को बोरिंग समझते हैं? जरा रुकिए… | जानवरों की तरह पोज बनाइए, फोटो खींचिए और फिटनेस का मजा लीजिए
