पहले मुआवजा, फिर बुलडोजर | सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ भरतपुर के व्यापारी आर-पार के मूड में

भरतपुर में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में व्यापारियों का आंदोलन तेज हो गया है। व्यापार महासंघ ने पहले मुआवजा और फिर सड़क चौड़ीकरण की मांग उठाई।

भरतपुर 

सड़क चौड़ीकरण को लेकर भरतपुर में व्यापारियों और प्रशासन के बीच टकराव तेज होता जा रहा है। प्रभावित दुकानों और जमीनों के अधिग्रहण के विरोध में भरतपुर जिला व्यापार महासंघ की संघर्ष समिति अब आंदोलन को लगातार आक्रामक रूप दे रही है। शनिवार को हुई अहम बैठक में व्यापारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि बिना उचित मुआवजा दिए किसी भी कीमत पर सड़क चौड़ीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बंगाल में सत्ता का महापलट | शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, 15 साल बाद खत्म हुआ ममता युग

बैठक की अध्यक्षता महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने की, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। बैठक में एक सुर में कहा गया कि वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए कारोबार को बिना पुनर्वास और मुआवजे के उजाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी।

आंदोलन के पहले चरण में 6 मई को प्रभावित बाजारों में व्यापारियों ने काले झंडे लगाकर विरोध जताया था। अब दूसरे चरण में 10 मई को सुबह 10 बजे लक्ष्मण मंदिर चौक पर “सद्बुद्धि यज्ञ” आयोजित किया जाएगा। आंदोलन के दौरान बाजार क्षेत्र में काले झंडे और विरोध बैनर लगाए जाएंगे। व्यापारियों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।

जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रशासन लगातार व्यापारियों की भावनाओं की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दुकानों का मामला नहीं बल्कि हजारों परिवारों के रोजगार और अस्तित्व का सवाल है।

महामंत्री विपुल शर्मा ने कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और व्यापक होगा। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र गोयल ने इसे पूरे व्यापारिक समाज की लड़ाई बताते हुए प्रशासन से संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की।

संघर्ष समिति संयोजक विष्णु जैन ने कहा कि आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा और जरूरत पड़ी तो इसे बड़े जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज ने भी चेतावनी दी कि लगातार अनदेखी होने पर व्यापारी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 17 मई को सांकेतिक अनशन किया जाएगा। इसके बाद भी बात नहीं बनी तो प्रशासन के खिलाफ पुतला दहन और 26 मई को भरतपुर बंद का आह्वान किया जा सकता है।

व्यापारियों ने लक्ष्मण मंदिर प्रांगण स्थित दुकानों को मॉल श्रेणी से बाहर कर यूडी टैक्स से राहत देने की मांग भी उठाई। बैठक में राजेंद्र गोयल, अमित कुमार, राहुल अग्रवाल, गौरव बंसल, शरद गोयल, चंदन करोला, गिरिश सर्राफ, राकेश सर्राफ, अतुल गोयल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

बैठक के अंत में व्यापारियों ने एक स्वर में नारा लगाया—
“पहले मुआवजा दो, फिर सड़क चौड़ीकरण करो।”

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

पश्चिम बंगाल में भाजपा राज, शुभेंदु अधिकारी को ताज | 9 मई को लेंगे CM पद की शपथ

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद RPSC का बड़ा कदम, SI भर्ती परीक्षा रद्द की | इन अभ्यर्थियों को फिर देनी होगी परी

‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।