स्वामी विवेकानंद जयंती की पूर्व संध्या पर कोटा (Kota) में राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन (Rashtriya Swabhiman Andolan) की ओर से विचार गोष्ठी व वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प।
कोटा
स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती की पूर्व संध्या पर कोटा में विचार और प्रकृति का सुंदर संगम देखने को मिला। कर्णेश्वर हाउसिंग योजना में आयोजित कार्यक्रम में जहां एक ओर विवेकानंद के विचारों पर मंथन हुआ, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन और स्वामी विवेकानंद विचार संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विचार गोष्ठी के साथ वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा रहे, जबकि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर निमित आर. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय महाविद्यालय कोटा के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर बी.के. योगी ने की।
मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि आज के दौर में प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण केवल विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर निमित चौधरी ने युवाओं के मानसिक तनाव पर बात रखते हुए कहा कि प्रकृति से दूरी और उससे संघर्ष ही आज की युवा पीढ़ी में तनाव और निराशा की बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रकृति से जोड़कर ही इस समस्या का समाधान संभव है। इसी दिशा में तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन के राष्ट्रीय संरक्षक बसवराज पाटिल ने संगठन की सोच को साझा करते हुए कहा कि स्थापना के पहले दिन से ही संगठन ने मानव-केंद्रित नहीं, बल्कि प्रकृति-केंद्रित विकास को अपना लक्ष्य बनाया है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण से लेकर दूषित नदियों की सफाई और रासायनिक खाद-कीटनाशकों से मुक्त अन्न के लिए देशभर में अभियान चलाए जा रहे हैं।
संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एडवोकेट गिरिराज गुप्ता ने बताया कि कर्णेश्वर हाउसिंग योजना को पूरी तरह हरित क्षेत्र में बदलने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से में पहले ही पौधरोपण किया जा चुका है और शेष हिस्सों में 18 जनवरी तक चलने वाले “सेवा-समर्पण सप्ताह” के दौरान बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम में विजय सिंह पालीवाल, बृजेश विजयवर्गीय, धवल सिंघल, श्याम मनोहर हरित, दिवाकर जोशी, तेजराज सिंह, सी.एल. प्रजापति, सुरेश राठौड़, नारायण गौतम, प्रमोद मीणा, मोहन सेन, राजेंद्र पारेता, योगेश जैन और रासबिहारी मीणा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश चौरसिया ने किया, जबकि अध्यक्ष प्रोफेसर बी.के. योगी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
