भरतपुर (Bharatpur) की पुष्प वाटिका कॉलोनी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि खिड़की-दरवाजे टूट गए। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी।
भरतपुर
भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र की पुष्प वाटिका कॉलोनी गुरुवार सुबह तेज़ धमाके से हिल उठी। किराये के एक मकान में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव हुआ और कुछ ही सेकंड में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना भयानक था कि मकान के खिड़की-दरवाजे उखड़कर बाहर जा गिरे, दीवारों में मोटी दरारें पड़ गईं और आसपास के लोग घरों से बाहर भागते नज़र आए।
हादसे में एक बच्चे सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में सरकारी शिक्षक जीतेंद्र, उनकी पत्नी आरती, बच्चा हर्ष और पड़ोसन गुड्डी देवी शामिल हैं। सभी को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार जारी है।
मथुरा गेट थाना प्रभारी देरावर सिंह भाटी ने बताया कि जीतेंद्र धौलपुर के रहने वाले हैं और यहां परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। सुबह करीब 7:30 बजे जब वे गैस चूल्हे पर खाना बना रहे थे, तभी सिलेंडर से रिसाव हुआ और आग पकड़ते ही जोरदार धमाका हो गया।
एफएसएल टीम और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार ने दो-तीन दिन पहले ही नया गैस कनेक्शन लिया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। कॉलोनी में अचानक हुए इस विस्फोट से लोगों में दहशत का माहौल है।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
