दौसा में महिला की गोली मार कर हत्या, खेत की मेड को लेकर हुआ था विवाद

महवा (दौसा)

राजस्थान के दौसा जिले के महुवा थाना क्षेत्र के दुलापुरा गांव में रविवार शाम को आपसी विवाद ने ऐसा संघर्ष का रूप ले लिया कि उसमें एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला की हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस की प्रारम्भिक जांच के अनुसार एक ही परिवार के बीच खेत की मेड को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार के बीच दो दिन पहले भी तकरार हुई थी।

मृत महिला के पेट पर छर्रे

इसके बाद रविवार शाम को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े में एक पक्ष के लोगों ने गोली मारकर केशर देवी पत्नी कालूराम बैरवा (55) की हत्या कर दी। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग करने वाले दो आरोपी बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि महिला की पेट पर कई छर्रे लगे हुए हैं। फायरिंग में काम लिया गया हथियार लाइसेंसशुदा है या फिर अवैध, इसकी जांच की जा रही है। झगड़े के वास्तविक कारणों की तहकीकात की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी। महिला के शव को महुवा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?