उदयपुर में एमपीयूएटी के कृषि महाविद्यालय में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर छात्र संगोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें संविधान, शिक्षा और सामाजिक न्याय पर प्रेरक विचार प्रस्तुत किए गए।
उदयपुर
महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशालय के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक छात्र संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान कृषि महाविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग स्थित आईपीएम सभागार में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद डॉ. मनोज कुमार महला, छात्र कल्याण अधिकारी एवं अधिष्ठाता, राजस्थान कृषि महाविद्यालय ने अतिथियों का उपरणा ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और उसके अस्तित्व की रक्षा का दायित्व युवाओं पर है। उन्होंने अम्बेडकर के राष्ट्रहित में किए गए योगदानों को विस्तार से रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. उमा शंकर शर्मा ने कहा कि संविधान निर्माण में डॉ. अम्बेडकर का योगदान अद्वितीय है। उन्होंने विशेष रूप से महिला शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही राष्ट्र की प्रगति की नींव है। उन्होंने शिक्षा को मंदिर, तलवार और ढाल की उपमा देते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने अम्बेडकर के विचार “शिक्षा वो शेरनी का दूध है, जो पियेगा वो दहाड़ेगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाती है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. बी. आर. भाटी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि अम्बेडकर एक बहुआयामी व्यक्तित्व थे, जिनके पास 40 डिग्रियां और 10 भाषाओं का ज्ञान था। उन्होंने उनके संघर्षशील जीवन और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी डॉ. अम्बेडकर के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान पर काव्य पाठ एवं विचार प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश को प्रभावी ढंग से रखा।
अंत में डॉ. एस. एस. लखावत ने संविधान की उद्देशिका का वाचन कर सभी को संविधान पालन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राएं, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. शालिनी पिलानिया ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
