सीकर (Sikar) में खुद को ईडी अधिकारी बताकर 15 लाख की रिश्वत मांगने वाले आरोपी को एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने पहले ही 2 लाख रुपये वसूल लिए थे।
सीकर
फोन की दूसरी तरफ आवाज सख्त थी, लहजा ऐसा कि अच्छे-अच्छों की धड़कन बढ़ जाए—’मैं ईडी का सीनियर हेड कांस्टेबल बोल रहा हूँ, वेरिफिकेशन करना है…’। नाम सुनते ही चार्टर्ड अकाउंटेंट के पैरों तले जमीन खिसक गई। लेकिन यह ‘ईडी का अफसर’ असल में कानून का रक्षक नहीं, बल्कि डर का सौदागर निकला।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सीकर जिले में एक सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ED) का अधिकारी बताकर वसूली करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट को जांच और कार्रवाई का डर दिखाकर कुल 15 लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर डाली थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंडीगढ़ स्थित ED कार्यालय में तैनात सीनियर हेड कांस्टेबल उत्तम पांडे के रूप में हुई है।
पहले डराया, फिर ‘वेरिफिकेशन’ के नाम पर ऐंठ लिए 2 लाख
खुद को ईडी का सीनियर हेड कांस्टेबल बताते हुए उत्तम पांडेय ने पीड़ित सीए से संपर्क किया। ‘वेरिफिकेशन’ के नाम पर उसने पहले ही 2 लाख रुपये वसूल लिए, जिससे पीड़ित को लगा कि मामला सचमुच गंभीर है और सामने वाला व्यक्ति असली अधिकारी है।
जैसे ही 13 लाख लेने आया… पहले से तैयार बैठी थी ACB
लेकिन असली खेल शनिवार को हुआ। आरोपी जब शेष 13 लाख रुपये लेने पहुंचा, तब तक एसीबी की टीम पूरी तैयारी के साथ जाल बिछा चुकी थी। जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, एसीबी ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर आरोपी के चेहरे से ‘अफसरी रौब’ गायब था और उसकी चालाकी कानून के शिकंजे में जकड़ चुकी थी।
अब खुलेंगे और भी राज, कितनों को बनाया शिकार?
एसीबी अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है।
अधिकारियों को शक है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा था और आरोपी ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया हो सकता है। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद इस ‘ईडी अफसर’ के काले कारनामों की पूरी फाइल खुलने की उम्मीद है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
क्या 1 मार्च से बंद हो जाएगा आपका WhatsApp? | सरकार के नए SIM नियम से मची हलचल
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
