PM मोदी का यूनिफॉर्म सिविल कोड बड़ा बयान, एक घर दो कानून से नहीं चल सकता | साफ़ संकेत- यूनिफॉर्म सिविल कोड पर तेजी से आगे बढ़ रही सरकार

भोपाल 

PM नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मध्यप्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर एक बड़ा बयान दिया और यह साफ़ संकेत दिया कि केंद्र सरकार यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर तेजी से आगे बढ़ रही है। मोदी ने साफ़ कहा कि एक घर दो कानून से नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि इस बारे में फैलाया जा रहा भ्रम दूर किया जाएगा। उन्होंने बिहार में विपक्षी दलों की बैठक पर भी तीखे कटाक्ष किए और मुस्लिम पसमांदा समाज को लेकर भी भविष्य की राजनीति पर बड़ा बयान दिया। मोदी ने तीन तलाक को लेकर भी बड़ी बात कही।

PM नरेंद्र मोदी ने यह बातें आज भोपाल में मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में इसी साल होने वाले विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के एक प्रशिक्षण शिविर के दौरान कहीं। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित किया। यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इसी दौरान मोदी ने यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर केंद्र सरकार के तेजी से बढ़ रहे क़दमों की ओर इशारा किया।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर भड़काने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक घर दो कानून से नहीं चल सकता। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि  एक घर में परिवार के सदस्य के लिए एक कानून हो, परिवार के दूसरे सदस्य के लिए दूसरा कानून हो, तो क्या ऐसा घर चल पाएगा? फिर ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा। भारत के संविधान में भी नागरिकों के समान अधिकार की बात कही गई है। सुप्रीम कोर्ट कह रही है कि कॉमन सिविल कोड लाओ।  यूनिफॉर्म सिविल कोड पर ‌‌BJP भ्रम दूर करेगी।

‘तीन तलाक की वकालत करने वाले वोटों के भूखे’
मोदी ने कहा कि ‘तीन तलाक से इस्लाम का कोई संबंध नहीं है। इसकी वकालत करने वाले वोट बैंक के भूखे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं, वकालत करते हैं, ये वोट बैंक के भूखे लोग मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं। तीन तलाक से नुकसान का दायरा बड़ा है। बहुत अरमानों से पिता अपनी बेटी को ससुराल भेजता है। 8-10 साल बाद बेटी वापस आती है, तो उसका भाई, पिता सब उसकी चिंता में दुखी हो जाता हैं। तीन तलाक का इस्लाम से संबंध होता तो दुनिया के मुस्लिम बहुल्य देश इसे खत्म नहीं करते। मिस्र में 90% से ज्यादा सुन्नी मुस्लिम हैं। 80-90 साल पहले वहां तीन तलाक की प्रथा समाप्त हो चुकी है। अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है, तो पाकिस्तान, इंडोनेशिया, कतर, जॉर्डन, सीरिया, बांग्लादेश में क्यों नहीं है। मुस्लिम बेटियों पर तीन तलाक का फंदा लटकाकर कुछ लोग उन पर हमेशा अत्याचार करने की खुली छूट चाहते हैं।

पसमांदा मुस्लिम का शोषण किया गया
मोदी ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुस्लिम का तो जीना मुश्किल करके रखा है। वे तबाह हो गए, कोई फायदा नहीं मिला। उनकी आवाज सुनने के लिए कोई तैयार नहीं। उनके ही धर्म के एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है। इस पर देश में कभी चर्चा नहीं हुई। इनके साथ भेदभाव हुआ। इसका नतीजा इनकी कई पीढ़ियों को भुगतना पड़ा। भाजपा सबका विकास, सबका साथ की भावना से काम कर रही है।

बिहार में विपक्षी नेताओं की मीटिंग पर किया ये कटाक्ष
पीएम मोदी ने बिहार में विपक्षी नेताओं की मीटिंग पर भी तीखा कटाक्ष किया और कहा कि  2024 में फिर एक बार भाजपा की प्रचंड विजय तय है। इसी वजह से ये सारे विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं। आजकल एक नया शब्द ‘गारंटी’ बहुत पॉपुलर किया जा रहा है। ये सारे दल मिलकर 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी है। जब कांग्रेस सरकार थी, तब 1.86 लाख करोड़ का कोयला घोटाला, 1.76 लाख करोड़ का 2G घोटाला, 70 हजार करोड़ रुपए का कॉमनवेल्थ घोटाला। हेलिकॉप्टर से सबमरीन… ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जो कांग्रेस के घोटालों का शिकार न हुआ हो।

RJD देख लीजिए- चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, पशुपालन शेड घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला, इनकी सूची इतनी लंबी है कि सजा देते-देते अदालतें थक गईं। तमिलनाडु में देखिए, डीएमके पर अवैध तरीके से सवा लाख करोड़ की संपत्ति बनाने का आरोप। TMC पर भी 23 हजार करोड़ से ज्यादा के घोटाले का आरोप, रोजवैली घोटाला, शारदा घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला, गो तस्करी घोटाला। बंगाल के लोग ये घोटाला नहीं भूल सकते। NCP पर 70 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप है। महाराष्ट्र स्टेट कोऑपरेटिव बैंक घोटाला, सिंचाई, अवैध खनन घोटाला। इन पार्टियों के घोटालों का मीटर कभी डाउन नहीं होता। मैं भी एक गारंटी देता हूं। अगर इनकी घोटालों की गारंटी है, तो मोदी की भी गारंटी है। मेरी गारंटी है- हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी।

———————

नोट:अपने मोबाइल पर ‘नई हवा’ की खबरें नियमित प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें

आगरा में सनसनीखेज हत्याकांड: बहू का सिर कुल्हाड़ी से काटकर थाने पहुंचा ससुर | हत्या की बताई यह चौंकाने वाली वजह

RPSC Assistant Professor Recruitment 2023: असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया शुरू होते ही खड़ा हुआ विवाद, कोर्ट में दी जा सकती है चुनौती | जानिए पूरा मामला

सोने के बिस्तर पर सोता और सोने की थाली में ही भोजन करता था बैंक का यह चपरासी | 80 करोड़ का गबन करने के बाद चपरासी के ऐसे ठाठ, पर यह बैंक हो गई कंगाल