माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 का रिजल्ट घोषित, 24,599 अभ्यर्थी हुए पास, अब होगी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 37,335 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू

पटना 

[DISPLAY_ULTIMATE_SOCIAL_ICONS]

बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड  (Bihar School Examination Board, BSEB) ने  माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 ( एसटीईटी 2019 ) का 5 में से 12 विषयों का रिजल्ट जारी कर दिया है। इसमें 24,599 अभ्यर्थी पास हुए हैं। नतीजों की घोषणा बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने की। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट bsebstet 2019.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। नतीजे आने के साथ ही  बिहार के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 37,335 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसमें 25,270 पद माध्यमिक और 12065 पद उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों के लिए है। सात साल बाद एसटीईटी होने के चलते उम्र सीमा में छूट भी दी गई थी।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘ये 7वें चरण की नियुक्ति होगी। कोरोना में परीक्षा लेनी बड़ी चुनौती थी। ये परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों ने 37,335 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए पात्रता हासिल कर ली है। परीक्षा में करीब 1.78 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

अब ऐसे शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
पटना हाईकोर्ट ने 4 मार्च को बिहार बोर्ड को एसटीईटी का परिणाम घोषित करने आदेश दिया था। इससे सूबे में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया था। परिणाम घोषित होने के बाद राज्य सरकार नियोजन का शिड्यूल बनाएगी। उसके बाद जिलावार नियोजन प्रक्रिया शुरू होगी। नियोजन इकाइयां रोस्टर और मेधा के अनुसार रिक्त सीटों पर मेरिट सूची बनाएगी।नियम के मुताबिक उन्हीं अभ्यर्थी का चयन होगा जो बोर्ड की मेधा सूची में शामिल होंगे। मेधा सूची में वही शामिल होंगे जिसने संबंधित विषय की सीट के अनुसार न्यूनतम कटऑफ प्राप्त किए हों। सामान्य श्रेणी के लिए 50 फीसदी, अनूसूचित जाति, अनूसूचित जनजाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग के लिए 45 फीसदी अंक लाना अनिवार्य है।

डेढ़ साल बाद आई खुशी
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 का नोटिफिकेशन सितंबर 2019 में जारी हुआ था। इसकी ऑफलाइन परीक्षा 28 जनवरी, 2020 को हुई थी। इस परीक्षा में चार केंद्रों पर आउट ऑफ सिलेबस प्रश्न पूछे जाने पर हंगामा हुआ था। हंगामा करने वाले छात्रों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी थी। इसी बीच अनियमिता पाए जाने पर परीक्षा रद्द कर दी गई। तब बिहार बोर्ड ने सितंबर 2020 में ऑनलाइन परीक्षा ली। इसमें आउट ऑफ सिलेबस का आरोप लगाते हुए कुछ छात्रों ने याचिका दायर कर दी थी। तब हाईकोर्ट ने 26 नवंबर 2020 को रिजल्ट जारी करने पर रोक लगा दी। 4 मार्च को सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने ऑनलाइन परीक्षा को सही करार दिया और रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया।  माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 37 हजार 335 शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। इसमें 25 हजार 270 पद माध्यमिक और 12 हजार 65 पद उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों के लिए है। सात साल बाद एसटीईटी हुआ था। जिस कारण उम्र सीमा में छूट दी गई थी।

आजीवन मान्य होगा Bihar STET का सर्टिफिकेट
बिहार राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने पर सात साल के बदले जीवन भर उसकी मान्यता रहेगी। केंद्र सरकार के सीटीईटी की तर्ज पर बिहार सरकार इस व्यवस्था को लागू करेगी। राज्य सरकार को केवल केंद्र से विधिवत पत्र या आदेश मिलने का इंतजार है। विधान परिषद में शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह जानकारी दी थी।

इन विषयों में इतनी सीटें हैं खाली 
माध्यमिक (नौंवी और दसवीं)

  • विषय       –       सीटों की संख्या 
  • अंग्रेजी       –      5054
  • गणित        –     5054
  • विज्ञान        –     5054
  • सामाजिक विज्ञान  –   5054
  • हिन्दी         –     तीन हजार 
  • संस्कृत        –     1054
  • उर्दू           –     एक हजार 

उच्च माध्यमिक (11वीं और 12वीं)

  • विषय       –    सीटों की संख्या 
  • अंग्रेजी       –    2125
  • गणित       –    2104
  • भौतिकी      –   2384
  • रसायन शास्त्र  –  2221
  • प्राणी शास्त्र    –   723
  • वनस्पति शास्त्र  –  835
  • कंप्यूटर साइंस  –   1673



प्रतिक्रिया देने के लिए ईमेल करें  : ok@naihawa.com

 


SHARE THIS TOPIC WITH YOUR FREINDS