बैंक खाते में फ्रॉड का डर हुआ तो बस एक स्विच दबाते ही सबकुछ रुक जाएगा, RBI ला रहा है नया फीचर, जानिए कैसे करेगा काम

बैंक खाते से ऑनलाइन फ्रॉड का खतरा होने पर RBI का प्रस्तावित स्टॉप स्विच फीचर सभी नए डिजिटल पेमेंट और निकासी रोक सकेगा। जानिए इसकी खास बातें।

नई दिल्ली: बैंक खाते से बिना आपकी मर्जी के पैसे निकलने या ऑनलाइन फ्रॉड होने का डर सताता है तो आने वाले समय में आपको बड़ी राहत मिल सकती है। जरा सोचिए, किसी संदिग्ध गतिविधि का अंदेशा होते ही आप एक बटन दबाएं और आपके खाते से होने वाले सभी नए डिजिटल पेमेंट और निकासी पर तत्काल रोक लग जाए। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इसी तरह की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसका नाम ‘स्टॉप स्विच’ रखा गया है।

आरबीआई के इस प्रस्ताव का मकसद ग्राहकों को अपने बैंक खाते पर पहले से ज्यादा नियंत्रण देना है। इसके लिए सोमवार को मसौदा दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, बैंकों को ग्राहकों के लिए यह सुविधा उपलब्ध करानी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर वे खुद अपने खाते से होने वाले नए डिजिटल लेनदेन और निकासी को रोक सकें।

स्विच ऑन होते ही कौन-कौन सी सुविधाएं बंद हो जाएंगी?

‘स्टॉप स्विच’ सक्रिय करने के बाद ग्राहक भी अपने खाते से डिजिटल पेमेंट या निकासी नहीं कर पाएंगे। इतना ही नहीं, नए पेमेंट इंस्ट्रक्शन देने, रिकरिंग पेमेंट की नई व्यवस्था बनाने और किसी नए थर्ड पार्टी ऐप पर खाते से यूपीआई रजिस्टर करने की सुविधा भी बंद हो जाएगी। हालांकि, खाते में पैसा जमा होने पर इस रोक का कोई असर नहीं पड़ेगा।

इन भुगतानों पर नहीं लगेगी रोक

आरबीआई के प्रस्ताव में कुछ लेनदेन को इस सुविधा के दायरे से बाहर रखा गया है। इनमें पहले से तय रिकरिंग पेमेंट, स्टैंडिंग पेमेंट इंस्ट्रक्शन और बैंक की बकाया फीस, चार्ज या लोन की किस्त वसूलने के लिए होने वाली कटौती शामिल हैं।

फिर से चालू कराना होगा तो क्या करना पड़ेगा?

खाते से डिजिटल लेनदेन दोबारा शुरू करने के लिए ग्राहक को बैंक की शाखा में जाकर अपनी पहचान की पुष्टि करानी होगी। इसके बाद बैंक ‘स्टॉप स्विच’ हटाकर भुगतान की सुविधाएं बहाल कर सकेगा। हालांकि, बैंक सुरक्षा के मद्देनजर कुछ प्रतीक्षा अवधि या अतिरिक्त जांच की व्यवस्था भी कर सकते हैं।

सिर्फ एक स्विच नहीं, ग्राहकों को मिलेंगी ये सुविधाएं भी

आरबीआई ने बैंक खातों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कुछ और प्रस्ताव भी रखे हैं। इनके तहत ग्राहक अपने खाते से जुड़े एक या अधिक डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म को अपनी जरूरत के मुताबिक बंद या दोबारा चालू कर सकेंगे। इसके अलावा वे किसी एक ट्रांजैक्शन, किसी खास व्यक्ति को भुगतान या पूरे दिन के कुल लेनदेन की अधिकतम सीमा भी खुद निर्धारित कर सकेंगे।

बैंक की लापरवाही पर भी कसेगा शिकंजा

मसौदे में फ्रॉड वाले मामलों में बैंक की लापरवाही माने जाने वाली स्थितियों का दायरा भी बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसमें नया अकाउंट जोड़ते समय सुरक्षा के एक से अधिक स्तरों पर पुष्टि नहीं करना, इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन का अनिवार्य अलर्ट नहीं भेजना और फ्रॉड या डेबिट-क्रेडिट कार्ड खोने की सूचना देने के लिए 24 घंटे सुविधा उपलब्ध नहीं कराना शामिल है। आरबीआई ने इन मसौदा दिशानिर्देशों पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से 14 दिसंबर तक सुझाव मांगे हैं।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

एफआईआर दर्ज है तो क्या सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी? राजस्थान हाईकोर्ट ने उठाए 4 बड़े सवाल, अब बड़ी पीठ करेगी फैसला

जीजा ने सालों की घुड़चढ़ी में लुटाया ऐसा प्यार, 500-500 के नोटों से बनी 2 करोड़ की मालाएं पहनाईं, नजारा देख गांव रह गया दंग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *